← वापस
इंदौर

10 साल की लड़ाई के बाद कल रंगवासा में कब्जे की कार्रवाई, 7 कलेक्टर और 18 राजस्व अधिकारी बदले  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
10 साल की लड़ाई के बाद कल रंगवासा में कब्जे की कार्रवाई, 7 कलेक्टर और 18 राजस्व अधिकारी बदले

 

इंदौर। राऊ तहसील के रंगवासा में जमीन के कब्जे को लेकर करीब एक दशक से चल रहा विवाद अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। हाई कोर्ट की खंडपीठ इंदौर के 6 अगस्त 2026 के आदेश के पालन में राजस्व अमला आज 25 अगस्त को पुलिस बल की मौजूदगी में कब्जा दिलाने की कार्रवाई करेगा। संवेदनशीलता को देखते हुए तहसील प्रशासन ने 30 से 40 पुलिस जवान और 15 से 20 महिला पुलिसकर्मियों की मांग की है। इस तरह मौके पर करीब 50 से 60 पुलिसकर्मियों की तैनाती प्रस्तावित है।

तहसीलदार राऊ ने पुलिस उपायुक्त जोन-1 को स्मरण पत्र भेजकर पर्याप्त बल उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। प्रशासन के अनुसार पूर्व में पुलिस बल उपलब्ध नहीं होने के कारण कब्जा दिलाने की कार्रवाई नहीं हो सकी थी।

राजस्व से हाई कोर्ट तक आदेशों का दावा

रिटायर्ड सूबेदार कृष्णगोपाल सिंघवी का दावा है कि उनके पक्ष में अलग-अलग राजस्व न्यायालयों से कई आदेश हो चुके हैं। उनके मुताबिक राजस्व मंडल से एक, अपर कलेक्टर स्तर से दो, एसडीएम कोर्ट से दो और तहसील न्यायालय से दो आदेश पारित हुए। हाई कोर्ट में भी दो बार मामला उनके पक्ष में गया। उनका कहना है कि 27 अप्रैल 2016 को एसएलआर स्तर पर सीमांकन भी किया गया था।

सिंघवी का आरोप है कि आदेशों के बावजूद कब्जा मिलने में करीब 10 साल लग गए। इस दौरान उन्होंने कलेक्टर जनसुनवाई में 8 से 10 बार आवेदन देने का दावा किया। उनका आरोप है कि राजनीतिक दबाव, पड़ोसी किसान और पूर्व सरपंच की कथित सांठगांठ तथा कुछ पूर्व में पदस्थ राजस्व अधिकारियों की मिलीभगत के कारण कार्रवाई अटकी रही।

10 साल में बदल गए 25 अधिकारी

सिंघवी के अनुसार इस दौरान 7 कलेक्टर,9 एसडीएम और 9 तहसीलदार बदल गए,लेकिन विवाद का समाधान नहीं हुआ। अब आज 25 अगस्त की कार्रवाई तय होने से उन्हें करीब एक दशक बाद कब्जा मिलने की उम्मीद है।

कब्जा दिलाने के लिए राजस्व टीम मौके पर रहेगी

हाई कोर्ट की खंडपीठ इंदौर के 6 अगस्त 2026 के आदेश के पालन में राजस्व अमले की टीम गठित की गई है। टीम आज सुबह 10:30 बजे ग्राम रंगवासा पहुंचेगी और पुलिस बल की मौजूदगी में कब्जा दिलाने की कार्रवाई करेगी।

    मौके पर रहने वाले अधिकारी-कर्मचारी:

- शंकर डाबर — राजस्व निरीक्षक

- दामोदर शर्मा — राजस्व निरीक्षक

- प्रदीप तिवारी — हल्का पटवारी

- राजेन्द्र भलावी — पटवारी

- योगेश वसुनिया — पटवारी

- समीक्षा पारीख — पटवारी

खबरें और भी हैं...