120 किमी प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से हुआ सफल स्पीड ट्रायल, सीआरएस की मंजूरी मिलते ही शुरू हो सकेगा रेल परिचालन
इंदौर। इंदौर–दाहोद नई रेल लाइन परियोजना ने एक और महत्वपूर्ण पड़ाव पार कर लिया है। टीही से धार के बीच नवनिर्मित 47 किलोमीटर लंबी बड़ी रेल लाइन का रेल संरक्षा आयुक्त (सीआरएस) का निरीक्षण और गति परीक्षण सफलतापूर्वक पूरा हो गया। 6 नवंबर को विशेष निरीक्षण यान इस रेलखंड पर 120 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से दौड़ा। अब सीआरएस की अंतिम स्वीकृति मिलने के बाद इस रेलखंड पर ट्रेन संचालन का रास्ता साफ हो सकेगा।
पश्चिम परिमंडल के रेल संरक्षा आयुक्त ई. श्रीनिवास ने 5 और 6 नवंबर को दो दिवसीय निरीक्षण किया। पहले दिन टीही से गुणावद और दूसरे दिन गुणावद से धार तक ट्रॉली के जरिए रेल लाइन का बारीकी से परीक्षण किया गया। इस दौरान रेलवे ट्रैक, पुलों, ओवरहेड बिजली लाइन (ओएचई), सिग्नलिंग सिस्टम और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की गई। करीब 3 किलोमीटर लंबी टीही टनल का भी विशेष रूप से निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के बाद 6 नवंबर को धार से विशेष निरीक्षण यान ने दोपहर 3:32 बजे टीही के लिए रवाना होकर 3:58 बजे अपनी यात्रा पूरी की। इस दौरान करीब 47 किलोमीटर की दूरी तय की गई और 120 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की गति से ट्रायल किया गया। इसका उद्देश्य ट्रैक की मजबूती, स्थिरता और सुरक्षा मानकों को परखना था।
विद्युतीकरण को पहले ही मिल चुका है प्राधिकरण
सीआरएस निरीक्षण से पहले प्रधान मुख्य बिजली इंजीनियर ने रेलखंड के विद्युतीकरण कार्य का निरीक्षण किया था। इसके बाद विद्युतीकरण के लिए प्राधिकरण पत्र भी जारी कर दिया गया। इससे रेलखंड इलेक्ट्रिक इंजन के संचालन के लिए तैयार हो गया है। पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार के अनुसार, सीआरएस की स्वीकृति मिलने के बाद यहां रेल परिचालन शुरू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
पीथमपुर के उद्योगों को मिलेगी माल ढुलाई में राहत
नई रेल लाइन से पीथमपुर के औद्योगिक क्षेत्र को बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है। यहां ऑटोमोबाइल, वाहन निर्माण, इंजीनियरिंग, टायर, फार्मास्युटिकल, केमिकल और प्लास्टिक सहित कई उद्योग संचालित हैं। रेल कनेक्टिविटी बढ़ने से उद्योगों को कच्चा माल मंगाने और तैयार उत्पाद दूसरे क्षेत्रों तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी। इससे परिवहन समय और लागत घटने के साथ व्यापारिक गतिविधियों तथा रोजगार के नए अवसरों को भी बढ़ावा मिल सकता है।
धार के पर्यटन और यात्रियों को भी मिलेगा फायदा
टीही–धार रेलखंड शुरू होने से इंदौर, पीथमपुर और धार सहित आसपास के क्षेत्रों की रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी। भविष्य में यात्री और मालगाड़ियों के संचालन की संभावनाएं बढ़ेंगी। धार के ऐतिहासिक, धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होने से स्थानीय व्यापार और पर्यटन गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है। इंदौर–दाहोद रेल परियोजना मालवा के साथ आदिवासी अंचलों के आर्थिक और सामाजिक विकास के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।