← वापस
इंदौर

बेसहारा बच्चों के बीच कलेक्टर ने मनाई दीपावली, बांटे नए कपड़े और उपहार; खिल उठे मासूमों के चेहरे!  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
बेसहारा बच्चों के बीच कलेक्टर ने मनाई दीपावली, बांटे नए कपड़े और उपहार; खिल उठे मासूमों के चेहरे!

 

शिवम वर्मा बोले- बच्चों को परिवार जैसा अपनत्व देना जरूरी, यही देश का उज्ज्वल भविष्य

इंदौर। दीपावली की खुशियां अपनों के साथ तो हर कोई मनाता है, लेकिन जरूरतमंद बच्चों के बीच खुशियां बांटने का आनंद कुछ खास होता है। इसी भावना के साथ कलेक्टर शिवम वर्मा ने शासकीय बाल संरक्षण आश्रम पहुंचकर वहां रहने वाले बच्चों के साथ दीपावली मनाई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में कलेक्टर ने बच्चों को नए कपड़े, उपहार और मिठाइयां बांटकर त्योहार की खुशियों में शामिल किया।

   कलेक्टर को अपने बीच पाकर बच्चे भी उत्साहित नजर आए। उन्होंने बच्चों से आत्मीय बातचीत की, उनकी कुशलक्षेम जानी और उनके साथ समय बिताया। मिठाइयां बांटने के साथ कलेक्टर ने बच्चों के साथ आतिशबाजी भी की। उपहार पाकर मासूमों के चेहरों पर आई मुस्कान ने पूरे आश्रम का माहौल खुशियों से भर दिया।

    इस अवसर पर कलेक्टर वर्मा ने कहा कि बच्चों के बीच दीपावली मनाना सुखद अनुभूति है। बच्चे ही देश का उज्ज्वल भविष्य हैं। उनका प्रयास रहता है कि सभी त्योहार बच्चों के साथ मनाए जाएं, ताकि आश्रम में रहने वाले बच्चों को भी परिवार जैसा अपनापन और खुशियां मिल सकें।

   उन्होंने कहा कि बच्चों को बेहतर सुविधाएं देने के साथ भारतीय त्योहारों, परंपराओं और संस्कृति से जोड़ना भी जरूरी है। बच्चों की मुस्कान और उनका उत्साह ही ऐसे आयोजनों की असली खुशी है। उन्होंने सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और जीवन में सफलता की कामना की। कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ हिमांशु प्रजापति, अपर कलेक्टर रिंकेश वैश्य सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं...