सुपर कॉरिडोर पर 55.61 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ दो युवक पकड़ाए; कृषि कॉलेज के सामने 12 ग्राम एमडी जब्त, चरस मामले में एक साल से फरार आरोपी भी गिरफ्त में
इंदौर। शहर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ क्राइम ब्रांच ने तीन अलग-अलग कार्रवाइयों में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 55.61 ग्राम एमडी ड्रग्स, 12 ग्राम एमडी ड्रग्स और पहले के एक चरस तस्करी मामले में फरार चल रहे सह आरोपी को पकड़कर नेटवर्क की कड़ियां खंगालना शुरू कर दिया है। तीनों मामलों में मादक पदार्थों की कुल अनुमानित कीमत करीब 16.70 लाख रुपए बताई गई है।
पहली कार्रवाई में क्राइम ब्रांच ने सुपर कॉरिडोर सर्विस रोड पर पिलर नंबर पी-213 के पास बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर संदिग्ध अवस्था में घूम रहे रतलाम निवासी आमीन मंसूरी (30) और समीर कुरैशी (21) को पकड़ा। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल पर टंगे बैग से 55.61 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई। इसकी कीमत करीब 5.50 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस ने करीब 50 हजार रुपए की मोटरसाइकिल भी जब्त की है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध रतलाम में पहले से मारपीट और अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं।
दूसरी कार्रवाई में कृषि महाविद्यालय के सामने विहंग मार्ग पर पुलिस ने अमन उर्फ लल्ला सिंगार (25) को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 12 ग्राम एमडी ड्रग्स मिली, जिसकी कीमत करीब 1.20 लाख रुपए बताई गई है। आरोपी आजाद नगर का निवासी है और उसके खिलाफ पहले से आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के मामले दर्ज हैं।
वहीं, चरस तस्करी के पुराने मामले में क्राइम ब्रांच ने फरार चल रहे अजीम उर्फ अज्जू (26) को गिरफ्तार किया है। यह मामला सितंबर 2025 में पोलोग्राउंड पुल के पास सामने आया था, जब साकिर हुसैन को 2.241 किलोग्राम चरस के साथ पकड़ा गया था। इसकी अनुमानित कीमत 10 लाख रुपए थी। पूछताछ और विवेचना में अजीम की भूमिका सामने आने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया।
88 मामलों में 195 आरोपी गिरफ्तार
क्राइम ब्रांच के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 88 प्रकरण दर्ज कर 195 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान 3.46557 किलो एमडी ड्रग्स, 36.52 किलो गांजा, 500 किलो भांग, 426.28 ग्राम ब्राउन शुगर और 10 ग्राम कोकीन सहित करीब 4.48 करोड़ रुपए की सामग्री और वाहन जब्त किए गए हैं। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से सप्लायर, खरीदार और शहर में सक्रिय नशा तस्करी नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।