← वापस
मध्यप्रदेश

जंगल में मौत का जाल! करंट की चपेट में आया नर बाघ, खुरमुंडी में मिला शव; दो संदिग्ध घेरे में  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
जंगल में मौत का जाल! करंट की चपेट में आया नर बाघ, खुरमुंडी में मिला शव; दो संदिग्ध घेरे में

 

गुरार नाले के पास मिला शव, डॉग स्क्वाड ने की जांच; 2026 में प्रदेश में करंट और संदिग्ध परिस्थितियों में बाघों की मौत की घटनाओं ने बढ़ाई चिंता

बालाघाट। जंगल में वन्यजीवों की सुरक्षा के दावों के बीच बालाघाट के खुरमुंडी जंगल में एक नर बाघ की मौत ने वन विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शनिवार 7 नवंबर को पूर्व बैहर वन परिक्षेत्र की खुरमुंडी बीट के कक्ष क्रमांक 1582 में गुरार नाले के पास बाघ का शव मिला। शुरुआती जांच में मौत की वजह बिजली का करंट होने की आशंका जताई गई है। मामले में दो व्यक्तियों को संदेह के आधार पर पूछताछ के लिए बुलाया गया है।

वनमंडलाधिकारी रेशम सिंह धुर्वे के मुताबिक, सुबह गश्त के दौरान बीट गार्ड की नजर शव पर पड़ी। सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी और डॉग स्क्वाड मौके पर पहुंचे। घटनास्थल की जांच में बाघ के शरीर के सभी अंग सुरक्षित मिले। पशु चिकित्सकों की टीम ने अधिकारियों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम किया।

इसके बाद वन संरक्षक, वनमंडलाधिकारी, उपवनमंडलाधिकारी, राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण के प्रतिनिधि और तहसीलदार की मौजूदगी में नियमानुसार अंतिम संस्कार किया गया।

वन विभाग ने वन अपराध प्रकरण क्रमांक 2796/25 दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि जंगल में करंट किसने और किस उद्देश्य से फैलाया? क्या वन्यजीवों के शिकार के लिए बिजली के तार बिछाए गए थे? इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

पहले भी सामने आईं बाघों की मौत की घटनाएं

प्रदेश में इस साल शहडोल, रायसेन और बालाघाट सहित अलग-अलग क्षेत्रों में बाघों की मौत की घटनाएं सामने आई हैं। खेतों में बिजली के करंट से वन्यजीवों की मौत और संदिग्ध परिस्थितियों में मिले शव वन विभाग के सामने बड़ी चुनौती बन रहे हैं।

खबरें और भी हैं...