← वापस
मध्यप्रदेश

तीन घंटे तक धधकता रहा इलेक्ट्रॉनिक शोरूम,12 दमकलों ने संभाला मोर्चा  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
तीन घंटे तक धधकता रहा इलेक्ट्रॉनिक शोरूम,12 दमकलों ने संभाला मोर्चा

 

ऊपर फंसे युवक को सुरक्षित निकाला,लाखों का सामान राख; दूसरे निकायों से बुलानी पड़ी दमकलें।

बुरहानपुर। शहर के मंडी बाजार में रविवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सुपर टीवी इलेक्ट्रॉनिक शोरूम में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। शोरूम से उठती आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। आग इतनी भीषण थी कि शुरुआती दमकल वाहनों के पहुंचने के बावजूद उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया। करीब 12 दमकल वाहनों को बुलाना पड़ा। लगभग तीन घंटे की मशक्कत के बाद रात 3 बजे आग पर नियंत्रण पाया जा सका। हालांकि तब तक शोरूम में रखा लाखों रुपए का इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर खाक हो चुका था।

आवास में फंसा युवक, जान बचाने के लिए चला रेस्क्यू

शोरूम के ऊपरी हिस्से में दुकान मालिक का परिवार रहता है। आग लगते ही परिवार के अधिकांश सदस्य समय रहते बाहर निकल आए, लेकिन एक युवक आवास में ही फंस गया। आग की लपटों के बीच युवक के फंसे होने की सूचना मिलते ही पुलिस, नगर निगम के जवान और आसपास के रहवासी उसे बचाने में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई थी।

    बुरहानपुर से लेकर शाहपुर-नेपानगर तक से बुलाई दमकलें

आग की गंभीरता को देखते हुए बुरहानपुर नगर निगम के अलावा शाहपुर नगर पंचायत और नेपानगर नगर पालिका से दमकल वाहन बुलाए गए। टेक्समो पाइप फैक्ट्री सहित अन्य स्थानों से भी अग्निशमन वाहनों की मदद ली गई। करीब 12 दमकलों की टीम ने लगातार पानी डालकर आग को फैलने से रोकने और बुझाने का प्रयास किया। तीन घंटे के अभियान के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका।

     दमकल संसाधनों पर उठे सवाल

इस अग्निकांड के बाद शहर की अग्निशमन व्यवस्था और उपलब्ध संसाधनों को लेकर भी सवाल खड़े हुए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि आग बुझाने के लिए दूसरे निकायों और निजी संस्थान की दमकलों की मदद लेनी पड़ी। पार्षद नोमान ने भी मौके की व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठाए।

एसडीएम पल्लवी पौराणिक के अनुसार, आग बुझाने के लिए अलग-अलग निकायों और संस्थानों से दमकल वाहनों की मदद ली गई। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। नुकसान का वास्तविक आकलन भी किया जाना बाकी है। गनीमत रही कि इस भीषण अग्निकांड में कोई जनहानि नहीं हुई और आवास में फंसे युवक को सुरक्षित बचा लिया गया।

खबरें और भी हैं...