धार। सावन सूखा बीत गया और अब मानसून के आखिरी दौर में भादौ की बारिश से उम्मीदें जुड़ गई हैं। जिले में इस बार बारिश की कमी का असर खेतों से लेकर तालाबों तक दिखाई दे रहा है। धार शहर में 24 सितंबर तक करीब 19 इंच बारिश दर्ज हुई है, जबकि पिछले साल इसी अवधि में करीब 35 इंच पानी बरसा था। औसत वर्षा का कोटा पूरा करने के लिए अब भी करीब 14 इंच बारिश की जरूरत है। ऐसे में अगले 10 दिन जिले के लिए बेहद अहम माने जा रहे हैं।
मानसून के करीब 88 दिन बीतने के बावजूद शहर के प्रमुख जलस्रोत अपेक्षित स्तर तक नहीं भर पाए हैं। पिछले साल इसी समय लबालब नजर आने वाला दिलावरा तालाब इस बार आधा भी नहीं भर पाया। नटनागरा, सीतापाट और नयापुरा तालाबों की स्थिति भी चिंताजनक है। करीब 300 छोटे-बड़े तालाब और जलाशयों में बड़ी संख्या में जलभराव 70 प्रतिशत से कम बताया जा रहा है।
करीब 10 दिनों से बारिश का दौर कमजोर रहने से तापमान बढ़ा है और खेतों में खड़ी खरीफ फसलों पर भी दबाव बढ़ रहा है। बंगाल की खाड़ी में बन रहे नए मौसम तंत्र से आगामी दिनों में बारिश बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। यदि सिस्टम प्रभावी रहा और अच्छी बारिश हुई तो जलस्रोतों में पानी की आवक बढ़ सकती है।
14 में से 10 ब्लॉक में बारिश कम
जिले के 14 में से करीब 10 ब्लॉक बारिश की कमी से जूझ रहे हैं। धार, पीथमपुर, नालछा और बदनावर में स्थिति तुलनात्मक रूप से बेहतर है। वहीं कुक्षी, बाग, निसरपुर, डही, मनावर, गंधवानी और उमरबन सहित कई क्षेत्रों में बारिश कम हुई है। कम बारिश का असर खरीफ फसलों के साथ आने वाले रबी सीजन पर भी पड़ सकता है।
रबी की सिंचाई और गर्मी के पानी की चिंता
जिले में करीब 5 लाख हेक्टेयर में रबी फसलों की बोवनी होती है। तालाब और भू-जल स्रोत पर्याप्त नहीं भरे तो गेहूं, चना, सरसों, लहसुन, प्याज और मटर जैसी फसलों की सिंचाई का दबाव बढ़ सकता है। दूसरी ओर जलाशयों में कम पानी रहने से गर्मी में पेयजल संकट की आशंका भी बढ़ेगी।
सितंबर की बारिश पर टिकी आखिरी उम्मीद
पिछले वर्षों में सितंबर में अच्छी बारिश का ट्रेंड रहा है। 2023, 2024 और 2025 में सितंबर के दौरान करीब 10 से 15 इंच तक बारिश दर्ज हुई थी। इसलिए मानसून के अंतिम दिनों में होने वाली बारिश इस बार भी निर्णायक हो सकती है। अब अच्छी बारिश हुई तो तालाबों में पानी की आवक बढ़ेगी और रबी के साथ गर्मी के जलसंकट की चिंता भी कुछ कम हो सकेगी।