जवाहर टेकरी में तैयारियां पूरी; 25 सितंबर से शुरू होकर 26 तक चलेगी विसर्जन प्रक्रिया
इंदौर। गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में बनाए गए 100 से अधिक प्रतिमा एकत्रीकरण केंद्रों से लाई जाने वाली श्री गणेश प्रतिमाओं का धार रोड स्थित जवाहर टेकरी गिट्टी खदान में विधि-विधान और पूर्ण सम्मान के साथ विसर्जन किया जाएगा। प्रतिमाओं की संख्या अधिक होने के कारण इस बार 25 सितंबर से विसर्जन शुरू होकर 26 सितंबर तक चलेगा।
प्रभारी महापौर राजेंद्र राठौर, निगमायुक्त क्षितिज सिंघल और सामान्य प्रशासन प्रभारी नंदकिशोर पहाड़िया ने शुक्रवार को जवाहर टेकरी स्थित विसर्जन स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों को सुरक्षा,स्वच्छता और अन्य जरूरी इंतजाम समय पर पूरे करने के निर्देश दिए गए।
हाथ से पानी में नहीं उतारेंगे प्रतिमाएं
नगर निगम इस बार विसर्जन के लिए हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म की नई तकनीक का इस्तेमाल करेगा। निगम वर्कशॉप के इंजीनियरों और कर्मचारियों ने यह प्लेटफॉर्म तैयार किया है। एकत्रित प्रतिमा को पहले प्लेटफॉर्म पर रखा जाएगा। इसके बाद मशीन की मदद से प्लेटफॉर्म को धीरे-धीरे वर्षाजल में उतारा जाएगा। निर्धारित जलस्तर तक पहुंचने के बाद कंट्रोल सिस्टम से प्लेटफॉर्म का निचला हिस्सा खुलेगा और प्रतिमा स्वतः जल में विसर्जित हो जाएगी।
निगम के अनुसार,शहर में पर्यावरण हितैषी कुंडों में माटी की गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन भी किया जा रहा है। एकत्रित प्रतिमाओं को भी धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए सुरक्षित तरीके से विसर्जित किया जाएगा।