काजीरंगा से लाए 8 भैंसों को बड़े बाड़े में छोड़ा, 3 साल में 50 को बसाने का लक्ष्य
भोपाल। मध्यप्रदेश के जंगलों में करीब 100 साल पहले विलुप्त हो चुकी जंगली भैंसों की वापसी की उम्मीद मजबूत हुई है। कान्हा टाइगर रिजर्व के सूपखार परिक्षेत्र में रविवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान से लाए गए आठ जंगली भैंसों को 17 हेक्टेयर क्षेत्र में बने बड़े बाड़े में छोड़ा। इसके साथ ही प्रदेश में इस दुर्लभ वन्यजीव की पुनर्स्थापना के अगले चरण की शुरुआत हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लगभग एक सदी बाद सूपखार में जंगली भैंसों को फिर से बसाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। असम के काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान से करीब 2200 किलोमीटर की यात्रा कर छह मादा और दो नर भैंसों को मध्यप्रदेश लाया गया था। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के सहयोग से यह पहल संभव हुई।
पहले छोटे बाड़े में रखा, अब बड़े क्षेत्र में मिली जगह
परियोजना के तहत 28 अप्रैल और 9 मई 2026 को दो चरणों में चार-चार जंगली भैंसों को सूपखार लाया गया था। इनमें छह मादा और दो नर शामिल हैं। शुरुआत में इन्हें एक हेक्टेयर के विशेष बाड़े में रखा गया, ताकि वे यहां की जलवायु और वातावरण के अनुकूल हो सकें। संगरोध अवधि पूरी होने के बाद 11 अक्टूबर को सभी आठ भैंसों को 17 हेक्टेयर के बड़े बाड़े में स्थानांतरित किया गया।
तीन साल में 50 भैंसों को बसाने की तैयारी
वन विभाग ने आगामी तीन वर्षों में सूपखार क्षेत्र में कुल 50 जंगली भैंसों को पुनर्स्थापित करने का लक्ष्य तय किया है। यहां पहले जंगली भैंसों की मौजूदगी के प्रमाण मिले हैं। ऐसे में इस क्षेत्र को उनकी वापसी के लिए चुना गया है। इस पहल से जैव विविधता के संरक्षण और वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास को मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने वन्यजीव संरक्षण के साथ क्षेत्र के विकास पर भी जोर दिया। उन्होंने बताया कि नौरादेही में चीतों के लिए तीसरा ठिकाना विकसित करने की दिशा में भी पहल की गई है। कार्यक्रम में वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय वन अमले के सदस्य मौजूद रहे।