इंदौर। शहर में बारिश के दौरान जर्जर भवनों से होने वाले संभावित हादसों को रोकने के लिए नगर निगम का अभियान लगातार जारी है। सोमवार को निगम ने जेल रोड क्षेत्र में स्थित करीब 100 वर्ष पुराने अति जर्जर मकान को पोकलेन और जेसीबी मशीनों की मदद से ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए।
भवन अधिकारी पल्लवी पाल ने बताया कि निगम आयुक्त के निर्देश पर वर्षा ऋतु को देखते हुए जोन क्रमांक-3 के अंतर्गत यह कार्रवाई की गई। संबंधित भवन लंबे समय से अत्यंत जर्जर स्थिति में था और कभी भी गिरकर बड़ा हादसा कर सकता था। भवन मालिक को नियमानुसार पहले ही नोटिस जारी कर भवन हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन निर्धारित समय में कार्रवाई नहीं होने पर निगम को हस्तक्षेप करना पड़ा।
उन्होंने बताया कि मकान में कोई रहवासी नहीं था, हालांकि परिसर में दो दुकानें संचालित हो रही थीं। पिछले सप्ताह कार्रवाई के दौरान दुकानदारों ने न्यायालय में मामला लंबित होने की जानकारी दी थी। इसके बाद निगम ने दस्तावेजों की जांच कर कानूनी स्थिति स्पष्ट की। जांच में सामने आया कि न्यायालयीन प्रकरण के बावजूद जर्जर भवन को हटाने में कोई कानूनी बाधा नहीं थी।
इसके बाद सोमवार को निगम की टीम ने पुलिस और प्रशासनिक अमले की मौजूदगी में कार्रवाई करते हुए पूरे भवन को ध्वस्त कर दिया। निगम अधिकारियों का कहना है कि शहर में चिन्हित जर्जर भवनों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।