होलकर स्टेडियम के आसपास वाहनों की आवाजाही पर रोक, पासधारकों के लिए अलग प्रवेश मार्ग; दर्शकों से लोक परिवहन इस्तेमाल करने की अपील
इंदौर। भारत और वेस्टइंडीज के बीच 11 अक्टूबर को होलकर स्टेडियम में होने वाले टी-20 क्रिकेट मैच को लेकर यातायात पुलिस ने विशेष व्यवस्था की है। यह व्यवस्था दोपहर 2 बजे से मैच समाप्त होने तक लागू रहेगी। स्टेडियम के आसपास भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए कई मार्गों पर सामान्य वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा,जबकि पासधारी और आपातकालीन वाहनों को निर्धारित मार्गों से प्रवेश दिया जाएगा।
दर्शकों के लिए पैदल प्रवेश
हुकुमचंद घंटाघर और पंचम की फेल की ओर से आने वाले दर्शकों का प्रवेश जंजीरवाला चौराहा से होगा। लैंटर्न चौराहा की ओर से आने वाले दर्शक पैदल स्टेडियम पहुंच सकेंगे। दर्शकों की सुविधा के लिए नगर बसें घंटाघर और हाई कोर्ट चौराहा के आसपास यात्रियों को उतारेंगी।
पासधारी वाहनों के लिए अलग रास्ते
विवेकानंद स्कूल और बास्केटबॉल परिसर की पार्किंग वाले वाहनों का प्रवेश घंटाघर की ओर से होगा। आईटीसी, अभय प्रशाल और स्टेडियम की पार्किंग के पासधारी वाहनों को लैंटर्न चौराहा और यशवंत क्लब रोड की ओर से प्रवेश मिलेगा।
इन मार्गों पर रहेगा प्रतिबंध
लैंटर्न चौराहा से जंजीरवाला चौराहा और इंडस्ट्री हाउस की ओर
घंटाघर से जंजीरवाला चौराहा और लैंटर्न चौराहा की ओर
पलासिया-घंटाघर से हाई कोर्ट और लैंटर्न चौराहा की ओर
वैकल्पिक मार्गों का करें इस्तेमाल
रीगल से पलासिया जाने वाले वाहन व्हाइट चर्च होकर एबी रोड का उपयोग कर सकेंगे। गीताभवन से घंटाघर जाने वाला यातायात ढक्कनवाला कुआं होकर श्रीमाया-मधुमिलन की ओर जा सकेगा। विजय नगर से मरीमाता जाने वाले वाहन एलआईजी, पाटनीपुरा, परदेशीपुरा और सुभाष नगर होकर कुलकर्णी भट्टा पुल का रास्ता अपना सकेंगे। मालवा मिल से घंटाघर और इंडस्ट्री हाउस जाने वाले वाहन पाटनीपुरा-एलआईजी होकर एबी रोड का उपयोग करें।
सभी के लिए पार्किंग
बाल विनय मंदिर स्कूल, जीएसआईटीएस परिसर और पंचम की फेल मैदान में आम दर्शकों के लिए पार्किंग रहेगी। यहां पहले आओ, पहले पार्क करो की व्यवस्था होगी। यशवंत क्लब,अभय प्रशाल,आईटीसी, बास्केटबॉल परिसर,विवेकानंद स्कूल और आईडीए परिसर में केवल पासधारी वाहन ही पार्क कर सकेंगे।
पुलिस की अपील
पलासिया-घंटाघर, मालवा मिल-लैंटर्न, गीताभवन-घंटाघर और इंडस्ट्री हाउस-जंजीरवाला मार्ग से बचने की अपील की गई है। स्टेडियम के आसपास पार्किंग की सीमित जगह को देखते हुए दर्शकों से नगर बस और अन्य लोक परिवहन साधनों का उपयोग करने को कहा गया है। यातायात संबंधी समस्या के लिए 7049107620 पर संपर्क किया जा सकता है।