धनगवां में रात के अंधेरे में बिछाया था करंट का जाल, वन विभाग की गश्ती टीम को देख भागे आरोपी; एक पकड़ाया, बाकी की तलाश जारी
शहडोल।जंगली जानवरों का शिकार करने के लिए अब शिकारी जानलेवा हथकंडे अपना रहे हैं। धनगवां गांव में 11 केवी बिजली लाइन से करंट फैलाकर जंगली सुअर का शिकार करने की कोशिश को वन विभाग की रात्रि गश्ती टीम ने समय रहते नाकाम कर दिया। टीम ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जिला जेल शहडोल भेज दिया गया है।
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार वन संरक्षक शहडोल महेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देशन तथा दक्षिण शहडोल वनमंडलाधिकारी श्रद्धा पन्द्रे और उप वनमंडलाधिकारी सोहागपुर संतोष कुमार शुक्ला के मार्गदर्शन में 30 और 31 अक्टूबर की दरमियानी रात वन क्षेत्र में विशेष गश्त की जा रही थी। इसी दौरान ग्राम धनगवां के भैरव टोला राजस्व क्षेत्र में भैरव टोला से कॉलोनी की ओर जाने वाली 11 केवी विद्युत लाइन से वन्यप्राणियों के शिकार के लिए करंट फैलाए जाने की सूचना मिली।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। यहां कुछ लोग संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त दिखाई दिए। गश्ती दल को देखते ही वे भागने लगे। टीम ने पीछा कर एक व्यक्ति को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम कतकू पिता हरीदीन बैगा, निवासी धनगवां बताया। आरोपी ने बिजली लाइन से करंट फैलाकर जंगली सुअर का शिकार करने का प्रयास करने की बात स्वीकार की।
वन विभाग ने आरोपी के खिलाफ वन्यप्राणी संरक्षण से संबंधित प्रावधानों के तहत कार्रवाई कर 1 नवंबर को न्यायालय में पेश किया। मेडिकल परीक्षण के बाद उसे जिला जेल भेज दिया गया। वहीं फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए वन विभाग की तलाश जारी है।
गश्ती दल की रही अहम भूमिका
कार्रवाई वन परिक्षेत्राधिकारी गोहपारू हेमंत प्रजापति और परिक्षेत्र सहायक चुहरी नरेंद्र बाथम के नेतृत्व में की गई। दल में बीटगार्ड धनगवां शिवम बैगा, वनरक्षक रीतेन्द्र श्रीवास्तव, हीरालाल पनिका, के.के. शुक्ला, लक्ष्मी सिंह धुर्वे, कु. लक्ष्मी सिंह धुर्वे, शैलेष तिवारी सहित अन्य वनकर्मी शामिल रहे।