← वापस
महाराष्ट्र

11 साल से फरार आरोपी यवतमाल से गिरफ्तार, न्यायाधीश के घर से चुराए थे ₹41,800 के सामान!  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
11 साल से फरार आरोपी यवतमाल से गिरफ्तार, न्यायाधीश के घर से चुराए थे ₹41,800 के सामान!

 

खामगांव शहर पुलिस की कार्रवाई; चोरी के मामले में चार आरोपी पहले ही पकड़े जा चुके, पांच पुराने मामलों में भी आरोपियों को न्यायालय में किया पेश

खामगांव। न्यायाधीश के आवास पर हुई चोरी के मामले में करीब 11 साल से फरार आरोपी को खामगांव शहर पुलिस ने यवतमाल से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राजू दिवाकर भेंडे (59), निवासी यवतमाल के रूप में हुई है। पुलिस ने 22 अक्टूबर 2026 को यह कार्रवाई की।

    पुलिस के अनुसार, खामगांव स्थित न्यायिक आवास में रहने वाले न्यायाधीश गुरुलिंग रामलिंग ढेपे के मकान में 20 और 21 अगस्त 2015 के बीच चोरी हुई थी। चोर लैपटॉप, मोबाइल फोन और नकदी सहित कुल 41,800 रुपए का सामान ले गए थे। मामले में खामगांव शहर पुलिस थाने में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

   जांच के दौरान पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन राजू दिवाकर भेंडे फरार चल रहा था। लंबे समय से उसकी तलाश की जा रही थी। इसी बीच गोपनीय सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने यवतमाल में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

   थानेदार के मार्गदर्शन में टीम ने की कार्रवाई

खामगांव शहर पुलिस थाने के थानेदार सुरेंद्र अहेरकर के मार्गदर्शन में पुलिसकर्मी सागर भगत, अंकुश गुरुदेव, राहुल थारकर और गणेश कोल्हे की टीम ने आरोपी को पकड़ने में भूमिका निभाई।

    पुलिस निरीक्षक सुरेंद्र अहेरकर के अनुसार, पुलिस ने पुराने पांच अन्य अपराधों में भी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। लंबे समय से लंबित मामलों में फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

खबरें और भी हैं...