11 दिन में 34.27% डिजिटलीकरण: एसआईआर अभियान में खामगांव सबसे आगे
राजवाड़ा दर्पण ब्यूरो
खामगांव। भारत निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मतदाता सूची को अद्यतन करने का कार्य बुलढाणा जिले में तेज गति से जारी है। जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में खामगांव ने सबसे बेहतर प्रदर्शन करते हुए महज 11 दिनों में 34.27 प्रतिशत डिजिटलीकरण पूरा कर लिया है।
30 जून से शुरू हुए इस अभियान के तहत जिले के 20 लाख 89 हजार 965 मतदाताओं के रिकॉर्ड अपडेट किए जा रहे हैं। इसके लिए 1,288 बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर पहुंचकर प्रपत्र वितरित करने, उन्हें एकत्र करने और ऑनलाइन डिजिटलीकरण का कार्य कर रहे हैं। अभियान 29 जुलाई तक चलेगा।
जिले में अब तक 93.94 प्रतिशत प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं, जबकि 21.04 प्रतिशत प्रपत्रों का डिजिटलीकरण पूरा हो चुका है। वहीं खामगांव विधानसभा क्षेत्र ने 34.27 प्रतिशत डिजिटलीकरण के साथ जिले में पहला स्थान हासिल किया है।
सहायक मतदाता पंजीयन अधिकारी डॉ. रामेश्वर पुरी ने बताया कि नागरिकों का अभियान को अच्छा सहयोग मिल रहा है। बीएलओ निर्धारित योजना के अनुसार घर-घर जाकर प्रपत्रों का वितरण और संग्रह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य त्रुटिरहित, अद्यतन और पारदर्शी मतदाता सूची तैयार करना है, ताकि प्रत्येक पात्र मतदाता का रिकॉर्ड सही रूप में दर्ज हो सके।