← वापस
इंदौर

110 कारें,100 स्पोर्ट्स बाइक... इंदौर से मांडव तक दौड़ा नशामुक्ति का कारवां,750 युवाओं ने बुलंद किया 'Say No to Drugs' का संदेश  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
110 कारें,100 स्पोर्ट्स बाइक... इंदौर से मांडव तक दौड़ा नशामुक्ति का कारवां,750 युवाओं ने बुलंद किया 'Say No to Drugs' का संदेश

 

इंदौर। इंदौर पुलिस कमिश्नरेट के "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान को रविवार को नई ऊर्जा मिली,जब इंदौर से मांडव तक निकली कार एवं बाइक रैली ने नशामुक्त समाज का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। 110 से अधिक कारों,100 से ज्यादा स्पोर्ट्स बाइकों और करीब 750 प्रतिभागियों ने इस अभियान में शामिल होकर युवाओं से ड्रग्स और अन्य नशों से दूर रहने की अपील की।

श्याम टाटा मोटर्स के सहयोग से आयोजित इस विशेष रैली को इंदौर पुलिस ने अपने जनजागरूकता अभियान से जोड़ा। पुलिस उपायुक्त (जोन-2) अमन सिंह राठौड़ ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (क्राइम) राजेश दंडोतिया सहित पुलिस अधिकारी,कार एवं बाइकर्स क्लब के सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी प्रतिभागियों ने नशे से दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने की शपथ ली।

रैली श्याम टाटा मोटर्स,बिचौली मर्दाना से शुरू होकर वर्ल्ड कप चौराहा,गीता भवन,रीगल चौराहा,राजवाड़ा, गंगवाल बस स्टैंड और धार रोड होते हुए ऐतिहासिक नगरी मांडव तक पहुंची। पूरे मार्ग में वाहनों पर लगे पोस्टर,बैनर और जागरूकता संदेश लोगों का ध्यान आकर्षित करते रहे।

रैली में शामिल युवाओं ने "Say No to Drugs", "नशे से दूरी है ज़रूरी" और "स्वस्थ युवा, सुरक्षित समाज" जैसे संदेशों के माध्यम से नागरिकों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया। मार्ग में मौजूद लोगों ने भी अभियान का स्वागत करते हुए इसे समाज के लिए सकारात्मक पहल बताया।

इंदौर पुलिस का "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान लगातार जनसहभागिता के साथ आगे बढ़ रहा है। पुलिस का उद्देश्य केवल नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाना नहीं, बल्कि युवाओं, सामाजिक संस्थाओं और आम नागरिकों को जोड़कर एक नशामुक्त,सुरक्षित और जागरूक समाज का निर्माण करना है।

खबरें और भी हैं...