फर्जी दस्तावेजों और नोटरी के सहारे प्लॉट बेचकर करता था धोखाधड़ी, कर्नाटक-गुजरात-महाराष्ट्र में बदलता रहा ठिकाने; गिरफ्तारी के बाद थाने पहुंचने लगे पीड़ित
इंदौर। चंदन नगर थाना पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे कुख्यात भूमाफिया जफर खान को आखिरकार करीब 1100 किलोमीटर पीछा करने के बाद महाराष्ट्र के धुले से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लगातार कर्नाटक, गुजरात और महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों में ठिकाने बदलकर पुलिस से बचता फिर रहा था। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर की सूचना और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने उसे धर दबोचा।
पुलिस के अनुसार आरोपी जफर खान पर अवैध कॉलोनियां काटने, फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीनों का सौदा करने और एक ही प्लॉट कई लोगों को बेचकर धोखाधड़ी करने जैसे एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी पर आरोप है कि वह 100 रुपए के स्टाम्प पर नोटरी कर लोगों से लाखों रुपए वसूल लेता था, लेकिन न तो प्लॉट देता था और न ही रकम लौटाता था।
मामले की शुरुआत शिकायतकर्ता मोहम्मद मुश्ताक खान की शिकायत से हुई। आरोप है कि जफर खान ने गीता पैलेस कॉलोनी में प्लॉट देने के नाम पर उनसे 25 लाख रुपए लेकर एग्रीमेंट किया, जबकि वही प्लॉट पहले ही किसी अन्य को बेचा जा चुका था। जांच में सामने आया कि आरोपी ने कई अन्य लोगों के साथ भी इसी तरह की धोखाधड़ी की। एक अन्य प्रकरण में वाजिद खान के साथ वर्ष 2022 में हुई कथित ठगी का मामला भी दर्ज है।
पूछताछ के दौरान पुलिस ने आरोपी का चार दिन का रिमांड लिया है। उसके कब्जे से जमीन संबंधी कई नोटरी और दस्तावेज जब्त किए गए हैं। पुलिस का दावा है कि प्रारंभिक जांच में 30 से अधिक पीड़ितों से धोखाधड़ी के संकेत मिले हैं। आरोपी की गिरफ्तारी की खबर फैलते ही कई पीड़ित चंदन नगर थाने पहुंचने लगे हैं। पुलिस नए आवेदनों और दस्तावेजों की जांच कर रही है तथा जांच पूरी होने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में डीसीपी जोन-4 सुनील मेहता, अतिरिक्त डीसीपी दिशेष अग्रवाल, एसीपी शिवेंदु जोशी तथा थाना प्रभारी तिलक कारोले के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने अंजाम दी। फ़ोटो एआई