← वापस
दमोह

11वीं की छात्रा ने फांसी लगाकर जान दी,डिलीट कॉल हिस्ट्री से गहराया संदेह  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
11वीं की छात्रा ने फांसी लगाकर जान दी,डिलीट कॉल हिस्ट्री से गहराया संदेह

 

घर के कमरे में फंदे पर मिली 17 वर्षीय ईशा; बहन से बात करने की कही थी बात, बहन ने किया इनकार, मोबाइल खंगाल रही पुलिस

दमोह। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के बजरिया वार्ड-8 बड़ापुरा में शुक्रवार रात 11वीं की 17 वर्षीय छात्रा ईशा अहिरवार ने घर के कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। परिजन उसे फंदे से उतारकर जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

परिजनों के अनुसार रात करीब 8 बजे ईशा घर में खाना बना रही थी। कुछ देर बाद वह बगल के कमरे में चली गई। मां ने जब उसे किचन में नहीं देखा तो कमरे में पहुंचीं। दरवाजा अंदर से बंद था। खिड़की से देखने पर ईशा फंदे पर लटकी दिखाई दी। परिजनों ने दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।

  कॉल हिस्ट्री डिलीट मिलने से सवाल

घटना के बाद छात्रा के मोबाइल की जांच में शुक्रवार की कॉल हिस्ट्री डिलीट मिलने की बात सामने आई है। इससे परिजनों के मन में कई सवाल खड़े हो गए हैं। चचेरे भाई रोशन अहिरवार के मुताबिक घटना से पहले ईशा ने बताया था कि वह बड़ी बहन संजना से फोन पर बात कर रही है। वहीं संजना ने ऐसी किसी बातचीत से इनकार किया है।

कॉल हिस्ट्री डिलीट होने और बातचीत को लेकर सामने आए विरोधाभास की पुलिस जांच कर रही है। फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं है। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मोबाइल फोन, कॉल रिकॉर्ड और अन्य पहलुओं को खंगाल रही है।

खबरें और भी हैं...