अजय से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के बाद शनिद शेख तक पहुंची पुलिस; मुख्य सप्लायर और नेटवर्क को लेकर पूछताछ जारी
इंदौर। 12 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ पकड़े गए आरोपी से पूछताछ के बाद क्राइम ब्रांच इंदौर ने सप्लाई नेटवर्क की एक और कड़ी पकड़ ली। पुलिस ने बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर झाबुआ के मारुति नगर उड़ा निवासी शनिद शेख को गिरफ्तार किया है। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/29 भी जोड़ी गई है।
क्राइम ब्रांच के अनुसार 27 सितंबर को टीसीएस के पीछे तीन नंबर गेट के पास चेकिंग के दौरान राजेंद्र नगर निवासी अजय सूर्यवंशी को 12 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ पकड़ा गया था। उसके कब्जे से करीब 1.20 लाख रुपए कीमत की ब्राउन शुगर और करीब 50 हजार रुपए की बाइक जब्त की गई थी।
रिमांड के दौरान पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण में अजय ने ब्राउन शुगर झाबुआ निवासी शनिद शेख से लेने की जानकारी दी। इसके बाद टीम ने झाबुआ में दबिश देकर शनिद को पकड़ लिया। आरोपी 9वीं तक पढ़ा है और इलेक्ट्रीशियन का काम करता है।
अब पुलिस ब्राउन शुगर के मुख्य स्रोत, सप्लाई चेन और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। क्राइम ब्रांच के मुताबिक इस साल अब तक एनडीपीएस के 73 मामलों में 161 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।