← वापस
इंदौर

12 साल से अपराध की दुनिया में सक्रिय तंवर अब एमडी ड्रग्स केस में गिरफ्तार  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
12 साल से अपराध की दुनिया में सक्रिय तंवर अब एमडी ड्रग्स केस में गिरफ्तार

 

10.10 ग्राम एमडी ड्रग्स की खेप में सामने आया था नाम, घटना के बाद से चल रहा था फरार; हत्या, हत्या के प्रयास, वसूली और हथियार समेत 12 मामले दर्ज

     इंदौर। क्राइम ब्रांच ने एमडी ड्रग्स तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी राकेश पिता मनोहर लाल तंवर (49) को गिरफ्तार किया है। समाजवादी इंद्रानगर निवासी राकेश प्रॉपर्टी ब्रोकिंग का काम करता है। पुलिस के अनुसार उसका नाम एमडी ड्रग्स की सप्लाई से जुड़े मामले की जांच के दौरान सामने आया था। घटना के बाद से वह गिरफ्तारी से बच रहा था।

   क्राइम ब्रांच के मुताबिक,अपराध क्रमांक 174/2025 में पुलिस ने पहले चिराग पिता यशवीर सिंह को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से 10.10 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई थी, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.10 लाख रुपए बताई गई। पुलिस ने मामले में एक होंडा एक्टिवा भी जब्त की थी। पूछताछ और आगे की विवेचना में राकेश तंवर की भूमिका सामने आई।

  इसके बाद पुलिस ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसकी तलाश शुरू की। गिरफ्तारी के बाद अब उससे एमडी ड्रग्स के स्रोत, सप्लायर और पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

   2004 से दर्ज होते रहे आपराधिक मामले

    पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार राकेश तंवर के खिलाफ 2004 से 2024 तक कुल 12 प्रकरण दर्ज हैं। इनमें मारपीट, धमकी,अवैध वसूली,हथियार अधिनियम,हत्या के प्रयास और हत्या जैसी गंभीर धाराओं से जुड़े मामले शामिल बताए गए हैं। वर्ष 2024 में बाणगंगा थाने में उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत भी प्रकरण दर्ज होना पुलिस रिकॉर्ड में बताया गया है।

       54 मामलों में 117 आरोपी गिरफ्तार

क्राइम ब्रांच के अनुसार 1 जनवरी 2026 से अब तक एनडीपीएस एक्ट के 54 मामलों में 117 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। कार्रवाई के दौरान करीब 2.38 किलो एमडी ड्रग्स, 28.33 किलो गांजा, 500 किलो भांग, 268.58 ग्राम ब्राउन शुगर और 10 ग्राम कोकीन समेत अन्य मादक पदार्थ और वाहन जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 2.96 करोड़ रुपए है। राकेश तंवर से पूछताछ के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

खबरें और भी हैं...