इंदौर। शहर की यातायात व्यवस्था को और अधिक सुगम बनाने की दिशा में नगर निगम ने मास्टर प्लान सड़कों के निर्माण में तेजी ला दी है। सोमवार को महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने किला मैदान तिराहा से जिंसी चौराहा होते हुए नेमिनाथ चौराहा तक निर्माणाधीन मास्टर प्लान सड़क का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लक्ष्मीबाई प्रतिमा तिराहा से जिंसी चौराहा तक सड़क की एक लेन का निर्माण 15 अगस्त तक हर हाल में पूरा कर यातायात के लिए खोल दिया जाए।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने सड़क निर्माण की प्रगति के साथ-साथ स्टॉर्म वॉटर ड्रेनेज, जल प्रदाय पाइपलाइन और सीवरेज लाइन के कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को बेहतर समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
महापौर ने निर्माण एजेंसी को पर्याप्त मशीनरी और श्रमिकों की उपलब्धता सुनिश्चित कर निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि मास्टर प्लान सड़कें शहर की बढ़ती यातायात जरूरतों को पूरा करने में अहम भूमिका निभाएंगी। इनके तैयार होने से ट्रैफिक का दबाव कम होगा, आवागमन सुगम बनेगा और नागरिकों को सुरक्षित एवं बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान महापौर परिषद सदस्य राजेंद्र राठौर, अश्विनी शुक्ला, निरंजन सिंह चौहान,अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर, कार्यपालन यंत्री पी.एस. कुशवाह, सहायक यंत्री नरेश जायसवाल, कंसल्टेंट एजेंसी के प्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
महापौर ने स्थानीय रहवासियों से भी चर्चा कर निर्माण कार्य के दौरान आमजन को न्यूनतम असुविधा हो,इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि शहर के विकास से जुड़े सभी अधोसंरचना कार्य तय समय-सीमा में पूरे कराए जाएंगे, ताकि इंदौरवासियों को बेहतर और आधुनिक यातायात सुविधाएं मिल सकें।