देवास में थाना प्रभारी की मौत के बाद गरमाई सियासत, प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में सरकार को घेरा; बोली कांग्रेस- किसी भी दल से जुड़ा हो नाम, निष्पक्ष जांच कर हो कार्रवाई
भोपाल। देवास में शराब तस्करी रोकने के दौरान थाना प्रभारी दिलीप पुरी की मौत के बाद प्रदेश में अवैध शराब के कारोबार को लेकर सियासत तेज हो गई है। प्रदेश कांग्रेस ने मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पत्रकार वार्ता कर मोहन सरकार पर तीखा हमला बोला। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि मध्यप्रदेश में गांव-गांव तक अवैध शराब की तस्करी का जाल फैला हुआ है। सरकार ने जिन 15 पवित्र स्थानों पर शराबबंदी लागू की है, वहां भी शराब की खुलेआम आपूर्ति हो रही है।
कांग्रेस के मीडिया प्रभारी मुकेश नायक ने कहा कि शराबबंदी वाले स्थानों पर कारोबार बंद होने के बजाय और व्यवस्थित हो गया है। पहले लोगों को शराब खरीदने दुकान तक जाना पड़ता था, लेकिन अब घर बैठे शराब पहुंचाई जा रही है। उन्होंने दावा किया कि उज्जैन में रात दो बजे भी शराब मांगने पर एक मिनट में उपलब्ध हो जाती है। नायक ने आरोप लगाया कि प्रदेश में समानांतर शराब कारोबार खड़ा हो गया है और इसमें भाजपा से जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए।
किसी भी दल का नाम आए, कार्रवाई हो
कांग्रेस ने देवास की घटना को कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल बताते हुए सरकार से निष्पक्ष जांच की मांग की। पार्टी का कहना है कि जांच में किसी भी राजनीतिक दल या प्रभावशाली व्यक्ति का नाम सामने आए तो उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। कांग्रेस ने सवाल उठाया कि जब प्रदेश में अवैध शराब का कारोबार फैल रहा है तो सरकार इसे रोकने के लिए क्या कदम उठा रही है?