आयुक्त क्षितिज सिंघल ने किया मास्टर प्लान सड़कों का निरीक्षण, निर्माण एजेंसियों को काम में तेजी लाने के निर्देश
इंदौर। शहर में मास्टर प्लान सड़कों के निर्माण को गति देने के लिए नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने गुरुवार को निर्माणाधीन सड़कों का निरीक्षण किया। उन्होंने आरई-2 योजना के तहत स्कीम नंबर-140 से बिचौली हप्सी तक बन रही सड़क का काम 15 दिसंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर सहित अन्य अधिकारी, सलाहकार और निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने बताया कि बिचौली काकड़, शिवनगर और शिवदर्शन नगर क्षेत्र में सड़क निर्माण में बाधक आ रही समस्याओं के निराकरण और मलबा हटने के बाद उपलब्ध जमीन पर तेजी से काम किया जाए। सड़क का निर्माण पूरा होने से स्कीम नंबर-140 से नेमावर रोड होते हुए बिचौली हप्सी काकड़ तक सीधा सड़क संपर्क स्थापित हो सकेगा। इससे क्षेत्र में आवागमन सुगम होने के साथ ही लोगों को राहत मिलेगी।
इसके बाद आयुक्त ने प्राइज होटल से प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) लाइट हाउस तक निर्माणाधीन 100 फीट चौड़ी मास्टर प्लान सड़क का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण एजेंसी को काम में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा के अनुरूप निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।