गैस कंपनियों ने भेजे SMS; मध्यप्रदेश के 22% उपभोक्ताओं ने अब तक नहीं कराई आधार आधारित बायोमेट्रिक ई-केवाईसी
भोपाल। घरेलू रसोई गैस उपभोक्ताओं के लिए जरूरी खबर है। गैस कंपनियों ने उपभोक्ताओं को एसएमएस भेजकर 16 अगस्त तक आधार आधारित बायोमेट्रिक ई-केवाईसी कराने की अपील की है। समय सीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी नहीं होने पर घरेलू एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति में परेशानी आ सकती है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कंपनियों की ओर से कोई औपचारिक आदेश जारी नहीं किया गया है।
मध्यप्रदेश में 1.73 करोड़ सक्रिय घरेलू एलपीजी उपभोक्ता हैं। इनमें से 39.84 लाख (22.21 प्रतिशत) उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी अभी तक पूरी नहीं हुई है। राजधानी भोपाल में 7.55 लाख उपभोक्ताओं में से 1.94 लाख का सत्यापन बाकी है।
गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि निर्धारित समय तक ई-केवाईसी नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं को घरेलू सिलेंडर की डिलीवरी में दिक्कत आ सकती है। कुछ एजेंसी संचालकों का यह भी कहना है कि भविष्य में ऐसे उपभोक्ताओं को गैर-घरेलू श्रेणी की दर पर सिलेंडर लेना पड़ सकता है, हालांकि इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक निर्देश जारी नहीं हुए हैं।
फिलहाल 14.2 किलोग्राम घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 947.50 रुपये है, जबकि 19 किलोग्राम कमर्शियल सिलेंडर 2,935 रुपये में मिल रहा है। ऐसे में गैस कंपनियों ने उपभोक्ताओं से समय रहते ई-केवाईसी पूरी कराने की अपील की है, ताकि गैस आपूर्ति में किसी तरह की बाधा न आए।