← वापस
इंदौर

16 हजार का कर्ज चुकाया, फिर भी नहीं रुके ठग; अश्लील फोटो भेजकर 3.07 लाख ऐंठे  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
16 हजार का कर्ज चुकाया, फिर भी नहीं रुके ठग; अश्लील फोटो भेजकर 3.07 लाख ऐंठे

 

इंदौर। बाणगंगा थाना क्षेत्र में ऑनलाइन कर्ज देने वाले ऐप के जरिए युवती को फंसाकर साइबर ठगी और ब्लैकमेलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। 27 वर्षीय युवती ने दो कर्ज ऐप से कुल 16,760 रुपए उधार लिए थे। पूरी रकम चुकाने के बाद भी ठगों ने उसके मोबाइल की तस्वीरें और संपर्क सूची हासिल कर ली। इसके बाद युवती की तस्वीरों से छेड़छाड़ कर अश्लील फोटो तैयार किए और उन्हें रिश्तेदारों व परिचितों को भेज दिया।

आरोपियों ने युवती और उसके परिजनों को जान से मारने तथा समाज में बदनाम करने की धमकी देकर लगातार पैसे मांगे। डर और मानसिक दबाव में युवती ने 23 जुलाई से 29 अगस्त के बीच 71 बार में 3 लाख 7 हजार रुपए अलग-अलग भुगतान खातों और क्यूआर कोड के जरिए भेज दिए। यह रकम युवती और उसकी मां के बैंक खातों से भेजी गई।

पीड़िता के अनुसार जुलाई में उसने दो अलग-अलग कर्ज ऐप से 5,800 और 10,960 रुपए का कर्ज लिया था। कर्ज लेते ही आरोपियों ने मोबाइल की तस्वीरों और संपर्क सूची तक पहुंच बना ली थी। बाद में विदेशी और आभासी नंबरों से लगातार धमकियां दी गईं।

परेशान होकर पीड़िता ने बाणगंगा थाने में शिकायत की। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस भुगतान खातों और कर्ज ऐप से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है।

खबरें और भी हैं...