← वापस
इंदौर

18 एकड़ के रंगवासा तालाब में जलकुंभी का जाल, 90 हजार का भैंसा दो दिन फंसा रहा; ग्रामीणों ने बचाई जान!  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
18 एकड़ के रंगवासा तालाब में जलकुंभी का जाल, 90 हजार का भैंसा दो दिन फंसा रहा; ग्रामीणों ने बचाई जान!

 

तालाब संरक्षण के नाम पर सरकारी दावों की खुली पोल,जलकुंभी और अतिक्रमण से तालाब बदहाल; आज भैंसा फंसा, कल किसी इंसान की जान पर बन सकती है?

इंदौर। जल संरक्षण और तालाबों के संरक्षण के सरकारी दावे रंगवासा गांव में सवालों के घेरे में हैं। यहां 18 एकड़ में फैला तालाब जलकुंभी के घने जाल में ऐसा उलझा है कि अब यह पशुओं के लिए भी जानलेवा साबित होने लगा है। हालात इतने गंभीर हो गए कि एक भैंसा दो दिन तक जलकुंभी में फंसा रहा। गनीमत रही कि ग्रामीणों की मदद से उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

    जानकारी के अनुसार,तालाब के समीप रहने वाले संतोष ठाकुर का भैंसा 29 अक्टूबर की शाम अचानक बाड़े से गायब हो गया। कुछ दिन पहले ही उन्होंने इसे 90 हजार रुपए में खरीदा था। भैंसा नहीं मिलने पर परिवार की चिंता बढ़ गई। गांव के सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए। फेसबुक और वाट्सऐप पर तस्वीरें प्रसारित की गईं। आसपास के गांवों में तलाश के साथ तांत्रिकों तक से संपर्क किया गया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

31 अक्टूबर को दोपहर करीब एक बजे एक राहगीर की नजर तालाब में फैली जलकुंभी के बीच किसी काली वस्तु की हलचल पर पड़ी। पास जाकर देखा तो भैंसा उसमें फंसा हुआ था। सूचना मिलते ही मालिक और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। रस्सों की मदद से काफी मशक्कत के बाद भैंसे को जिंदा बाहर निकाला गया।

 अवैध खुदाई से लेकर अतिक्रमण तक के आरोप

ग्रामीणों के अनुसार तालाब में पूर्व सरपंच के कार्यकाल में अवैध खुदाई कर मिट्टी-मुरम बेचने और सरकारी राशि से समतलीकरण के नाम पर अनियमितताओं के आरोप लगे थे। शिकायतों के बावजूद जिला और जनपद पंचायत स्तर पर कार्रवाई नहीं होने का दावा किया जा रहा है। तालाब की जमीन पर कथित अवैध पट्टों और अतिक्रमण के आरोप भी हैं।

पानी आने का रास्ता बंद, तालाब का अस्तित्व खतरे में

ग्रामीणों का आरोप है कि तालाब में बारिश का पानी पहुंचाने वाली एकमात्र जल निकासी चैनल पर भी अवैध निर्माण हो गया है। इसके कारण बारिश के मौसम में भी पर्याप्त पानी जमा नहीं हो पाता। जलकुंभी की सफाई, अतिक्रमण हटाने और जलस्रोत बहाल करने की दिशा में ठोस पहल नहीं होने से तालाब की स्थिति लगातार बिगड़ रही है।

    ग्रामिणों का सवाल यह है कि जब 90 हजार रुपए का भैंसा जलकुंभी में फंसकर मौत के मुहाने तक पहुंच गया, तो क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है? आज पशु फंसा है,कल कोई बच्चा या ग्रामीण भी इसकी चपेट में आ सकता है। पंचायत और प्रशासन को तत्काल सफाई, अतिक्रमण हटाने तथा तालाब के पुनर्जीवन की कार्रवाई करनी चाहिए।

खबरें और भी हैं...