अमृत-2.0 के तहत 38 टंकियों का निर्माण प्रस्तावित; पीयू-4, निरंजनपुर, सुखलिया और बजरंग नगर में जलप्रदाय कार्यों का निरीक्षण
इंदौर। शहर की पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए चल रहे टंकी और पाइपलाइन निर्माण कार्यों की रफ्तार अब बढ़ाई जाएगी। निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने सोमवार सुबह निर्माणाधीन पानी की टंकियों और नई पेयजल वितरण लाइनों का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को गुणवत्ता के साथ तय समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने अमृत परियोजना के तहत 21 के पीछे पीयू-4 और निरंजनपुर क्षेत्र में निर्माणाधीन नई पानी की टंकियों का निरीक्षण किया। उन्होंने टंकी निर्माण की प्रगति, गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा की जानकारी ली। अधिकारियों से यह भी पूछा कि इन टंकियों से किन क्षेत्रों में पानी पहुंचेगा और उनकी क्षमता कितनी है।
इसके बाद सुखलिया स्थित दीनदयाल उपाध्याय पानी की टंकी तथा बजरंग नगर क्षेत्र में नई पेयजल वितरण लाइन के काम को देखा। आयुक्त ने पुरानी और क्षतिग्रस्त लाइनों को बदलने का काम व्यवस्थित तरीके से करने और निर्धारित मापदंडों का पालन करने के निर्देश दिए।
38 टंकियों का निर्माण प्रस्तावित
अमृत-2.0 योजना के तहत शहर में 38 नई पानी की टंकियां बनाई जानी हैं। इनमें से 18 टंकियों का निर्माण तेजी से चल रहा है, जिन्हें करीब 18 माह में पूरा करने का लक्ष्य है। निगम मद से भी 6 टंकियों का निर्माण जारी है। इनमें 3 टंकियां दिसंबर 2026, एक फरवरी 2027 और 2 टंकियां करीब 18 माह में तैयार होने की संभावना है। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त आशीष पाठक सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।