बिना लाइसेंस-दस्तावेज और बीच सड़क सवारी बैठाने पर कार्रवाई; पुलिस ने कहा- नियम तोड़े तो होगी सख्ती
अकोला। शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था और नियमों की अनदेखी करने वाले ऑटो चालकों पर यातायात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। शहर यातायात नियंत्रण शाखा ने विशेष अभियान चलाकर 183 ऑटो रिक्शा पर कार्रवाई की, जबकि नियमों का उल्लंघन करने वाले 85 ऑटो को जब्त कर यातायात शाखा कार्यालय में जमा कराया गया।
अभियान के दौरान पुलिस को कई ऑटो चालक बिना निर्धारित वर्दी के मिले। कुछ चालकों के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था, जबकि कई वाहनों के फिटनेस, परमिट और बीमा जैसे जरूरी दस्तावेज अधूरे या उपलब्ध नहीं मिले। सवारियों को बैठाने के लिए चालकों द्वारा सड़क के बीच अचानक ऑटो रोकने से यातायात बाधित होने की शिकायतें भी सामने आईं।
चालान तक सीमित नहीं रही कार्रवाई
इस बार यातायात पुलिस ने केवल चालान काटकर वाहनों को छोड़ने के बजाय उन्हें मौके से ही डिटेन किया। जब्त ऑटो के मूल दस्तावेजों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शहर यातायात पुलिस निरीक्षक विलास पाटिल ने कहा कि यातायात व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। ऑटो चालकों को निर्धारित नियमों का पालन करना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।