← वापस
नई दिल्ली

19 साल जेल में रहने के बाद बरी हुआ निठारी कांड का आरोपी, फंदे पर मिला सुरेंद्र कोली  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
19 साल जेल में रहने के बाद बरी हुआ निठारी कांड का आरोपी, फंदे पर मिला सुरेंद्र कोली

 

13 मामलों में मिली थी मौत की सजा, नवंबर 2025 में आखिरी मामले में भी सुप्रीम कोर्ट ने किया था बरी

  हरिद्वार। निठारी कांड के आरोपी रहे सुरेंद्र कोली का शव शुक्रवार सुबह हरिद्वार में उसकी चाय की दुकान में फंदे पर लटका मिला। शुरुआती जानकारी के मुताबिक उसने कथित रूप से आत्महत्या की। 

    कोली पिछले कुछ महीनों से नाम बदलकर हरिद्वार में रह रहा था। करीब 15 दिन पहले उसने सिडकुल की एक कंपनी में सदाराम नाम से काम शुरू किया था। 4 दिन पहले ही उसने लाल मंदिर के पास सड़क किनारे चाय की दुकान किराए पर ली थी। पड़ोसियों के मुताबिक क्षेत्र में कुंभ की तैयारियों के चलते अतिक्रमण हटाया जा रहा है। कोली को दुकान हटने और एडवांस में दिए पैसे फंसने की चिंता थी। हालांकि मौत की असली वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

    2005-06 में नोएडा के निठारी से बच्चों और महिलाओं के गायब होने के मामले सामने आए थे। 29 दिसंबर 2006 को कारोबारी मोनिंदर सिंह पंढेर की कोठी D-5 के पीछे नाले से मानव खोपड़ियां, हड्डियां और कपड़े मिलने के बाद मामला देशभर में चर्चित हुआ। इसके बाद पंढेर और उसके घरेलू सहायक कोली को गिरफ्तार किया गया। जनवरी 2007 में जांच CBI को सौंपी गई। 

    कोली पर हत्या, दुष्कर्म, अपहरण और सबूत मिटाने के आरोप लगे। उसे 13 मामलों में मौत की सजा सुनाई गई थी। हालांकि 2023 में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 12 मामलों में उसे बरी कर दिया। कोर्ट ने उसके कबूलनामे और बरामदगी की विश्वसनीयता पर सवाल उठाए। 30 जुलाई 2025 को सुप्रीम कोर्ट ने भी इन मामलों में बरी किए जाने का फैसला बरकरार रखा। इसके बाद 11 नवंबर 2025 को सुप्रीम कोर्ट ने आखिरी मामले में भी उसकी दोषसिद्धि रद्द कर दी। करीब 19 साल जेल में रहने के बाद कोली बाहर आया था।

खबरें और भी हैं...