← वापस
इंदौर

2 हजार की घूस ने उतार दी पटवारी की हेकड़ी: किसान से रिश्वत लेते लोकायुक्त ने रंगे हाथ दबोचा  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
2 हजार की घूस ने उतार दी पटवारी की हेकड़ी: किसान से रिश्वत लेते लोकायुक्त ने रंगे हाथ दबोचा

 

झाबुआ/इंदौर। किसान से महज 2 हजार रुपए की रिश्वत मांगना एक पटवारी को भारी पड़ गया। लोकायुक्त पुलिस इंदौर ने गुरुवार को झाबुआ जिले की सारंगी उप तहसील में ट्रैप कार्रवाई करते हुए पटवारी संजय अमलियार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई उप तहसीलदार कार्यालय के मीटिंग हॉल में हुई, जिससे पूरे राजस्व महकमे में हड़कंप मच गया।

    लोकायुक्त के अनुसार मोहनपुरा निवासी किसान पुनिया भूरिया ने 24 जुलाई को शिकायत दर्ज कराई थी। किसान का आरोप था कि उसकी छह कृषि भूमि के सर्वे नंबरों में से एक को फार्मर आईडी में दर्ज करने के एवज में पटवारी 2 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहा था। शिकायत के सत्यापन में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर लोकायुक्त ने ट्रैप की योजना बनाई।

  महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देश,उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन तथा पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय के नेतृत्व में निरीक्षक सचिन पटेरिया की टीम ने जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी पटवारी ने शिकायतकर्ता से 2 हजार रुपए लिए, टीम ने उसे मौके पर ही धर दबोचा।

    लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 2018 की धारा-7 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। पूछताछ के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

खबरें और भी हैं...