← वापस
इंदौर

2 हजार से ज्यादा के यूपीआई भुगतान पर प्रस्तावित शुल्क का विरोध,

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
2 हजार से ज्यादा के यूपीआई भुगतान पर प्रस्तावित शुल्क का विरोध,

राजवाड़ा पर व्यापारी बोले- अतिरिक्त बोझ मंजूर नहीं

इंदौर। 2 हजार रुपए से अधिक के यूपीआई लेन-देन पर प्रस्तावित 0.4 प्रतिशत शुल्क के विरोध में बुधवार को राजवाड़ा पर व्यापारियों ने सांकेतिक प्रदर्शन किया।अहिल्या चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के आह्वान पर व्यापारियों ने ‘नो यूपीआई डे’ मनाते हुए यूपीआई के प्रतीकात्मक रूप से काले कपड़े पहनकर विरोध जताया। हाथों में बैनर लेकर व्यापारियों ने प्रस्तावित शुल्क वापस लेने की मांग उठाई।

     व्यापारियों का कहना है कि वे पहले से जीएसटी, आयकर सहित कई तरह के कर और व्यापार से जुड़े शुल्क चुका रहे हैं। ऐसे में डिजिटल भुगतान पर नया शुल्क लगाया गया तो कारोबार की लागत और बढ़ेगी। व्यापारियों ने तर्क दिया कि भले ही शुल्क सीधे ग्राहक से नहीं लिया जाए, लेकिन अतिरिक्त लागत का असर अंततः वस्तुओं और सेवाओं की कीमतों पर पड़ सकता है।

    अहिल्या चैंबर के जॉइंट सेक्रेटरी अक्षय जैन ने कहा कि प्रदर्शन किसी राजनीतिक दल या सरकार के खिलाफ नहीं है। यह प्रस्तावित शुल्क वापस लेने की मांग को सरकार और वित्त मंत्रालय तक पहुंचाने का लोकतांत्रिक प्रयास है। प्रदर्शन में शहर के विभिन्न व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। राजवाड़ा पर हुए प्रदर्शन के जरिए व्यापारियों ने सरकार से यूपीआई पर प्रस्तावित शुल्क के फैसले पर पुनर्विचार करने की मांग की।

खबरें और भी हैं...