पुरानी पेंशन बहाली और प्रथम नियुक्ति से सेवा अवधि गिनने की भी मांग
भोपाल। शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) की अनिवार्यता समाप्त करने समेत तीन सूत्रीय मांगों को लेकर इंदौर संभाग के हजारों शिक्षक गांधी जयंती पर भोपाल के नीलम पार्क में आयोजित क्रमिक धरने में शामिल हुए। अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा मध्यप्रदेश के प्रदेशव्यापी आह्वान पर आयोजित प्रदर्शन में शिक्षकों ने सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई।
पुरानी पेंशन बहाली राष्ट्रीय आंदोलन (एनएमओपीएस) इंदौर के जिलाध्यक्ष दिनेश परमार और जिला संयोजक मानसिंह शिवहरे ने बताया कि 20 साल की वरिष्ठता समाप्त करने और 25 से 28 वर्षों से शिक्षण कार्य कर रहे शिक्षकों को दोबारा टीईटी देने के लिए मजबूर करने के विरोध में आंदोलन किया जा रहा है। शिक्षकों की प्रमुख मांगों में टीईटी की अनिवार्यता समाप्त करना, प्रथम नियुक्ति दिनांक से सेवा अवधि की गणना करना और पुरानी पेंशन योजना बहाल करना शामिल है।
नीलम पार्क में आयोजित धरने को मोर्चे के प्रदेश स्तरीय संयोजक मंडल के सदस्य परमानंद डेहरिया, राकेश दुबे, जगदीश यादव, राकेश नायक, डीके सिंघोर और मनोहर दुबे सहित अन्य शिक्षकों ने संबोधित किया।
इंदौर संभाग से दिनेश परमार, मानसिंह शिवहरे, शासकीय शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष प्रवीण यादव, प्रदेश महामंत्री अशोक मालवीय, संजय सेन, बंटी बैरागी, रवि वर्मा, सलीम खान, राजेश चौहान, परवेज अंसारी, मुकेश वास्केल, निखिलेश सेमुअल, मुकेश राठौर, मेहफूज अली, माखन मंडलोई, राकेश चौधरी, इंद्रेश अलेरिया, दिनेश पटेल, सुनील पटेल, रेखा गुर्जर, रवि पटेल, मदन भाटी और राकेश गेहलोद सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं धरने में शामिल हुए।