हॉस्टल की अव्यवस्थाओं से नाराज होकर तड़के निकलीं कक्षा 9वीं-10वीं की छात्राएं; भोजन, व्यवहार और सजा को लेकर बताई परेशानी, एसडीएम ने सहायक वार्डन समेत 3 अतिथि शिक्षकों को हटाने के निर्देश दिए
धार। बाग ब्लॉक के कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की व्यवस्थाओं से नाराज करीब 150 छात्राएं बुधवार तड़के हॉस्टल छोड़कर 20 किमी पैदल बिरलाई पहुंच गईं। छात्राओं का कहना था कि हॉस्टल में भोजन की गुणवत्ता और निर्धारित मैन्यू का पालन नहीं हो रहा है। उन्होंने सहायक वार्डन के व्यवहार और बार-बार सजा दिए जाने की शिकायत भी अधिकारियों के सामने रखी।
छात्राओं के हॉस्टल से निकलने की जानकारी मिलते ही शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। बीईओ, बीआरसी और वार्डन ने एसडीएम कुक्षी आशीष अशोक पाटिल को सूचना दी। एसडीएम समेत अधिकारी बिरलाई पहुंचे और छात्राओं से बातचीत की। समझाइश के बाद सभी को वाहनों से वापस हॉस्टल भेजा गया।
शिकायतों के बाद तत्काल कार्रवाई के निर्देश
छात्राओं ने सहायक वार्डन कुसुम चौहान पर बार-बार दंड देने का आरोप लगाया। अतिथि शिक्षकों से जुड़ी शिकायतें भी सामने रखीं। छात्राओं के आरोप और शिकायतें सुनने के बाद एसडीएम ने सहायक वार्डन और तीन अतिथि शिक्षकों को हटाने के निर्देश दिए। हॉस्टल की व्यवस्थाओं में सुधार और छात्राओं के लिए स्वस्थ शैक्षणिक एवं मनोरंजक गतिविधियों की कार्ययोजना बनाने को भी कहा।
बीआरसी धर्मेंद्र ठाकुर ने बताया कि एसडीएम के निर्देशानुसार कार्रवाई की जा रही है। वहीं वार्डन मयतुल बघेल ने कहा कि सहायक वार्डन के व्यवहार को लेकर छात्राओं ने पहले शिकायत नहीं की थी। उनका कहना है कि जानकारी मिलने पर समस्या के समाधान का प्रयास किया जाता।