सरकारों से उम्मीद छूटी तो पूर्व सैनिकों ने अपनी पेंशन से उठाया जिम्मा, 29 सितंबर को शहीद की पुण्यतिथि पर होगा लोकार्पण
इंदौर/महू। देश की सीमा पर ड्यूटी करते हुए प्राण न्योछावर करने वाले शहीदों के सम्मान में सरकारी स्तर पर स्मारक बनने की उम्मीद भले पूरी न हुई हो, लेकिन पूर्व सैनिकों ने इसे अपनी जिम्मेदारी मान लिया। महू तहसील के रोल काकरिया (मानपुर) गांव के शहीद सिपाही भीम सिंह मावी की स्मृति में एक्स सर्विसमैन वेलफेयर सोसाइटी मप्र ने अपने स्तर पर स्मारक निर्माण शुरू कराया है। खास बात यह है कि इसके लिए किसी सरकारी सहायता का इंतजार नहीं किया गया, बल्कि पूर्व सैनिकों ने अपनी पेंशन राशि से आपस में आर्थिक सहयोग जुटाया।
सिपाही भीम सिंह मावी 21 बिहार रेजिमेंट में पदस्थ थे। जम्मू-कश्मीर में ड्यूटी के दौरान ऑपरेशन रक्षक में 29 सितंबर 2001 को वे वीरगति को प्राप्त हुए थे। उनके पीछे वृद्ध माता-पिता, पत्नी और दो बेटे रह गए। शहीद की शहादत को 25 वर्ष होने जा रहे हैं, लेकिन गांव में उनकी स्मृति को स्थायी रूप देने वाला स्मारक अब पूर्व सैनिकों की पहल से आकार ले रहा है।
स्मारक के साथ युवाओं में जगाएंगे देशभक्ति की भावना
सोसाइटी का कहना है कि स्मारक सिर्फ शहीद की याद को जीवित रखने तक सीमित नहीं रहेगा। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को शहीदों के बलिदान और देशसेवा के प्रति प्रेरित करना भी है। सोसाइटी सदस्यों ने मिलकर आर्थिक योगदान दिया और निर्माण कार्य जारी है। योजना के अनुसार 29 सितंबर को शहीद की पुण्यतिथि पर स्मारक का लोकार्पण किया जाएगा।
सोसाइटी अध्यक्ष संतोष शर्मा, संरक्षक कैप्टन जितेंद्र सिंह, कैप्टन सुरेश सिंह चौहान, सूबेदार मेजर सुरेश सिंह तंवर, सूबेदार कृष्णगोपाल सिंघवी, एनसीओ अभिजीत ठाकुर, राजेश परमार, जितेंद्र सिंह बुंदेला और विनोद चौधरी सहित अन्य पूर्व सैनिक निर्माण कार्य में सक्रिय हैं।
सवाल यह भी है कि जिन जवानों ने देश की रक्षा में अपना जीवन दे दिया, उनकी स्मृति को संजोने की जिम्मेदारी क्या केवल उनके साथियों की होनी चाहिए? पूर्व सैनिकों की यह पहल व्यवस्था के सामने यही सवाल खड़ा करती है।