खेल परिसर, हेलीपैड और रूट का निरीक्षण; सुरक्षा, बेरिकेडिंग, पार्किंग और वीआईपी प्रोटोकॉल के इंतजाम समय पर पूरे करने के निर्देश
धार। मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के 24 अक्टूबर को सरदारपुर में प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को कलेक्टर राजीव रंजन मीना और पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने खेल परिसर सरदारपुर स्थित कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड और आवागमन मार्ग का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों को सभी तैयारियां समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, मंच, पंडाल, बेरिकेडिंग, वीआईपी प्रोटोकॉल, यातायात प्रबंधन और पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। हेलीपैड को निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।
बिजली,पेयजल और पार्किंग पर फोकस
कार्यक्रम स्थल और हेलीपैड पर निर्बाध बिजली आपूर्ति के साथ वैकल्पिक व्यवस्था के लिए जनरेटर, साउंड सिस्टम, पेयजल और साफ-सफाई के इंतजाम करने को कहा गया। ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को अपने दायित्वों का व्यवस्थित ढंग से निर्वहन करने और जरूरत के अनुसार अधीनस्थ कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर और एसपी ने सभी विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सुरक्षा, प्रोटोकॉल और प्रशासनिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अखिलेश कुमार जैन, अपर कलेक्टर संजीव केशव पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों को कार्य विभाजन आदेश के अनुसार सौंपे गए दायित्व निर्धारित समय में पूरे करने के निर्देश दिए गए।