29 सितंबर 2001 को कश्मीर में ऑपरेशन रक्षक के दौरान शहीद हुए थे भीम सिंह मावी; पुण्यतिथि पर शौर्य स्मारक का लोकार्पण, परिवार समेत पांच शहीद परिवारों का सम्मान
इंदौर। इंदौर से करीब 50 किलोमीटर और महू से 25 किलोमीटर दूर प्रकृति की गोद में बसे रोल कांकरिया गांव के वीर सपूत भारतीय सेना की बिहार रेजीमेंट के जवान भीम सिंह मावी 29 सितंबर 2001 को जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन रक्षक में शहीद हो गए थे। महज 25 वर्ष की उम्र में देश के लिए प्राण न्योछावर करने वाले शहीद की स्मृति में 25 वर्ष बाद शौर्य स्मारक बनाया गया है।

एक्स सर्विसमैन वेलफेयर सोसाइटी मध्यप्रदेश के संज्ञान में मामला आने के बाद टीम ने गांव का दौरा किया। 1 सितंबर 2026 को शौर्य स्मारक प्रबंधन समिति की बैठक में स्मारक निर्माण का निर्णय लिया गया और 29 सितंबर की पुण्यतिथि तक काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया। 2 सितंबर को भूमि पूजन के बाद निर्माण सामग्री जुटाई गई और लगातार काम करते हुए निर्धारित समय से चार दिन पहले ही महज 25 दिन में स्मारक तैयार कर लिया गया।
मंगलवार को शौर्य स्मारक लोकार्पण एवं श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया। इसमें शहीद के परिवार को सम्मानित किया गया। क्षेत्र के पांच अन्य वीर नारियों और शहीद परिवारों को भी सम्मानित किया गया। समिति के अनुसार यह मध्यप्रदेश में उसका दसवां शहीद स्मारक है।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक अंतर सिंह दरबार, किसान मोर्चा के कंचन सिंह चौहान, जिला युवा मोर्चा के मनोज ठाकुर सहित समाजसेवी और पूर्व सैनिक शामिल हुए। भोपाल, नर्मदापुरम,उज्जैन और इंदौर संभाग के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
सड़क और प्रतिमा की घोषणा: क्षेत्रीय विधायक ऊषा ठाकुर ने भोपाल प्रवास के दौरान मोबाइल संदेश के माध्यम से शहीद की प्रतिमा स्थापित करने तथा स्मारक से मुख्य मार्ग तक पक्की सड़क बनाने का आश्वासन दिया।

इनका कहना
सोसाइटी के इंदौर संभाग प्रभारी सूबेदार कृष्ण गोपाल सिंघवी ने बताया कि 29 सितंबर को शहीद स्थल पर स्मारक अनावरण समारोह भव्य उत्सव के रूप में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शहीद को सैनिक सम्मान के साथ श्रद्धांजलि दी गई। स्मारक निर्माण समिति के संरक्षक कैप्टन जितेंद्र सिंह एवं कोषाध्यक्ष अभिजीत सिंह ठाकुर ने क्षेत्रवासियों और सभी राष्ट्रभक्तों से समारोह में शामिल होकर अमर जवान को श्रद्धांजलि अर्पित करने का आग्रह किया था। आयोजन में मेजर सुरेश सिंह,अभिजीत ठाकुर,जितेंद्र सिंह बुंदेला,राकेश ठाकुर ने सभी सहयोगियों एवं समाजसेवियों का आभार प्रगट किया।