← वापस
धार

25 सितंबर से दौड़ेंगी ‘मुख्यमंत्री सुगम बसें’ धार के 37 रूटों पर नजर!

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
25 सितंबर से दौड़ेंगी ‘मुख्यमंत्री सुगम बसें’ धार के 37 रूटों पर नजर!

आदिवासी अंचलों की राह होगी आसान; मांडू-इंदौर ग्रीन रूट पर ईवी बस की तैयारी, अंतिम रूट अभी तय नहीं

धार। वर्षों से नियमित लोक परिवहन का इंतजार कर रहे धार जिले के ग्रामीण और आदिवासी अंचलों के लिए मुख्यमंत्री सुगम बस सेवा नई उम्मीद बनकर सामने आई है। प्रदेश में इस सेवा की शुरुआत 25 सितंबर से इंदौर संभाग में प्रस्तावित है। धार जिले में सर्वे के दौरान 37 रूट चिन्हित किए गए हैं। इनमें कई मार्ग सीधे आदिवासी गांवों को तहसील, जिला मुख्यालय और प्रमुख बाजारों से जोड़ते हैं। हालांकि इनमें से किन रूटों पर बसें शुरू होंगी, इसका अंतिम निर्णय अभी बाकी है।

पहले चरण में इंदौर से मांडू के बीच इलेक्ट्रिक बस चलाने की संभावना है। पर्यटन नगरी मांडू को इंदौर से जोड़ने वाले इस मार्ग को ग्रीन रूट के तौर पर विकसित करने की तैयारी है। इससे पर्यटकों के साथ स्थानीय यात्रियों को भी आधुनिक सार्वजनिक परिवहन का विकल्प मिल सकता है।

     बस नहीं तो पिकअप-जीप पर निर्भर गांव

धार का बड़ा हिस्सा पहाड़ी और आदिवासी क्षेत्र में आता है। मुख्य मार्गों से दूर बसे कई गांवों में नियमित बस सुविधा सीमित है। ग्रामीणों को स्कूल-कॉलेज, अस्पताल, बैंक, बाजार, तहसील और रोजगार के लिए पिकअप, जीप या छोटे यात्री वाहनों पर निर्भर रहना पड़ता है। कई बार इन वाहनों में क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाकर सफर कराया जाता है।

ऐसे में नियमित बस सेवा शुरू होने पर ग्रामीणों को सुरक्षित और सुलभ आवागमन का विकल्प मिलने की उम्मीद है। खासकर मरीजों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और रोजाना बाजार आने-जाने वाले ग्रामीणों को इसका सीधा लाभ मिल सकता है।

     सर्वे में ये प्रमुख मार्ग आए सामने

सर्वे में मांडू-इंदौर, मांडू-दिग्ठान, बगड़ी-धार, नाछला-उमरबन, राजगढ़-टांडा नाका, मांगोद-लाबरिया, दत्तीगांव-बदनावर, गंधवानी-सिंघाना, कुक्षी-निसरपुर-बड़वानी, उमरबन-धामनोद, टांडा-कुक्षी, धार-दसई-लाबरिया, धार-तिरला-अमझेरा, तिरला-उमरबन, कुक्षी-गंधवानी और मनावर-उमरबन सहित अन्य मार्ग शामिल हैं।

 इनमें से कई रूट आदिवासी बहुल क्षेत्रों को प्रमुख कस्बों और शहरों से जोड़ते हैं। प्रशासन यात्री संख्या, मार्ग की व्यवहारिकता और संचालन की जरूरत के आधार पर चरणबद्ध तरीके से बसें शुरू कर सकता है।

   2024 में सीएम ने किया था ऐलान

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 14 नवंबर 2024 को धार में जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम के दौरान आदिवासी क्षेत्रों में लोक परिवहन सेवा शुरू करने की घोषणा की थी। अब मुख्यमंत्री सुगम बस सेवा के जरिए इस दिशा में कदम बढ़ाया जा रहा है।

  आरटीओ धार हृदेश यादव के अनुसार, मुख्यमंत्री सुगम बस सेवा के संचालन के लिए जिले से जानकारी भेजी जा चुकी है। सर्वे में 37 रूट चिन्हित हुए हैं, लेकिन किन मार्गों पर बसें चलेंगी, यह अभी अंतिम रूप से तय नहीं है। पहले चरण में इंदौर-मांडू के बीच ईवी बस शुरू होने की संभावना है।

खबरें और भी हैं...