बालाघाट से उज्जैन तक के अधिकारी-कर्मचारी शामिल, वनक्षेत्रपाल से वनरक्षक तक के नामों की अनुशंसा
भोपाल। मध्यप्रदेश में वन विभाग के 26 अधिकारियों और कर्मचारियों को वर्ष 2026 के लिए कमेंडेशन डिस्क और प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया जाएगा। प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख की ओर से दिए जाने वाले इस सम्मान के लिए प्रदेश के विभिन्न वनवृत्तों से चयनित नामों की अनुशंसा की गई है। सम्मान समारोह 1 नवंबर को भोपाल के वन भवन, तुलसी नगर परिसर में आयोजित होगा।
वन विभाग के 28 अक्टूबर 2026 के आदेश के अनुसार, शासन के 7 दिसंबर 2022 के दिशा-निर्देशों के तहत हर साल 1 नवंबर को यह सम्मान प्रदान किया जाता है। मुख्यालय स्तर पर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (प्रशासन-1) की अध्यक्षता में गठित समिति ने विभिन्न वनवृत्तों से मिले प्रस्तावों और संबंधित विवरणों की जांच के बाद 26 अधिकारियों-कर्मचारियों के नामों की अनुशंसा की है।
इन 26 अधिकारियों-कर्मचारियों के नाम शामिल
बालाघाट: दक्षिण सामान्य वनमंडल बालाघाट से विशाल आसटकर (वनरक्षक)।
बैतूल: दक्षिण सामान्य वनमंडल बैतूल से दयानंद डेहरिया (वनक्षेत्रपाल) और अशोक गढ़ेकर (वनरक्षक)।
भोपाल: सामान्य वनमंडल विदिशा से विवेक चौधरी (वनक्षेत्रपाल), वन विहार राष्ट्रीय उद्यान भोपाल से अवनीश त्रिपाठी (वनपाल), सामान्य वनमंडल औबेदुल्लागंज से भूपेन्द्र शर्मा (वनरक्षक) और सामान्य वनमंडल भोपाल से संजय सिंह राजपुत (वनक्षेत्रपाल)।
छतरपुर: पन्ना टाइगर रिजर्व से राजेन्द्र प्रसाद अरजरिया (वनक्षेत्रपाल)। दक्षिण पन्ना वनमंडल से वीरेन्द्र पटेल (वनरक्षक), आशीष कुमार पाण्डेय (वनपाल), दिनेश राठौर (वनरक्षक), राम जी गर्ग (वनरक्षक) और जगदीश अहिरवार (वनपाल)।
छिंदवाड़ा: पश्चिम सामान्य वनमंडल छिंदवाड़ा से गुरूदयाल साहू (वनक्षेत्रपाल), कमल सिंह पन्द्राम (वनरक्षक), शैलेन्द्र वाडीवार (वनरक्षक), पंकज सोनी (वनपाल) और प्रशांत चौबितकर (वनरक्षक)।
ग्वालियर: सामान्य वनमंडल श्योपुर से दीपचंद बाथम (वनरक्षक)।
नर्मदापुरम: सतपुड़ा टाइगर रिजर्व से राजेश पटेल (वनपाल) और सामान्य वनमंडल हरदा से संजय कुचबंदिया (वनरक्षक)।
इंदौर: सामाजिक वानिकी वृत्त झाबुआ से दिलीप डामोर (वनरक्षक)।
जबलपुर: पूर्व सामान्य वनमंडल मंडला से जयसिंह मरावी (वनरक्षक)।
सागर: वीरांगना टाइगर रिजर्व सागर से नितेश डेहरिया (वनक्षेत्रपाल)।
शहडोल: दक्षिण सामान्य वनमंडल शहडोल से बहादुर सिंह श्याम (वनपाल)।
उज्जैन: सामान्य वनमंडल मंदसौर से नरेन्द्र कुमार मालवीय (वनपाल)।
सुबह 11 बजे पहुंचना अनिवार्य
आदेश के अनुसार, सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित वर्दी में 1 नवंबर को सुबह 11 बजे कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित होना होगा। सम्मान समारोह दोपहर 12 बजे से शुरू होगा।