₹2,387 करोड़ की माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना से धार-झाबुआ के किसानों को मिलेगा लाभ; भूमिगत पाइपलाइन से खेतों तक पहुंचेगा दबावयुक्त जल
धार। धार और झाबुआ जिले के किसानों के लिए सिंचाई सुविधा के विस्तार की दिशा में 24 अक्टूबर का दिन महत्वपूर्ण होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को सरदारपुर के खेल परिसर में ₹2,387.60 करोड़ की लागत से तैयार नर्मदा-झाबुआ-पेटलावद-थांदला-सरदारपुर माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना का लोकार्पण करेंगे। परियोजना से दोनों जिलों के 260 गांवों की 57,422 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।
समारोह में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री एवं धार-महू सांसद सावित्री ठाकुर,नगरीय विकास एवं आवास मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया सहित सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।
धार के 66 और झाबुआ के 194 गांव होंगे लाभान्वित
परियोजना के तहत धार जिले की सरदारपुर तहसील के 66 गांवों की 25,422 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी। वहीं झाबुआ जिले की विभिन्न तहसीलों के 194 गांवों की 32 हजार हेक्टेयर कृषि भूमि को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य है। इनमें झाबुआ तहसील के 108, पेटलावद के 6, मेघनगर के 28, थांदला के 39, रामा के 12 और राणापुर का एक गांव शामिल है।
भूमिगत पाइपलाइन से खेतों तक पहुंचेगा पानी
परियोजना की खासियत भूमिगत पाइप नहर प्रणाली है। इसके जरिए 2.5 हेक्टेयर चक तक 20 मीटर दबावयुक्त जल उपलब्ध कराने की व्यवस्था है। किसान ड्रिप और स्प्रिंकलर पद्धति से सिंचाई कर सकेंगे। इससे पानी के अधिक उपयोगी इस्तेमाल में मदद मिलेगी। साथ ही, खेतों को समतल करने की जरूरत भी नहीं होगी।
नर्मदा से 186.62 एमसीएम पानी का होगा उद्वहन
परियोजना के लिए धार जिले की कुक्षी तहसील के चंदनखेड़ी गांव में नर्मदा नदी से 186.62 मिलियन घन मीटर पानी का उद्वहन प्रस्तावित है। योजना के संचालन के लिए 102.30 मेगावाट बिजली की आवश्यकता निर्धारित की गई है।
परियोजना को 27 फरवरी 2018 को ₹2,050.70 करोड़ की प्रारंभिक प्रशासकीय स्वीकृति मिली थी। बाद में इसकी पुनरीक्षित लागत ₹2,387.60 करोड़ निर्धारित की गई। निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जबकि परीक्षण और कमीशनिंग की प्रक्रिया जारी है। लोकार्पण के बाद परियोजना से जुड़े गांवों में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और कृषि उत्पादन बढ़ाने की संभावनाएं मजबूत होंगी।