← वापस
भोपाल

3 दिन पटवारी छुट्टी पर, राजस्व काम ठप होने का खतरा!  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
3 दिन पटवारी छुट्टी पर, राजस्व काम ठप होने का खतरा!

 

कार्रवाई के विरोध में सामूहिक अवकाश; दो दर्जन से ज्यादा पटवारियों की सेवा समाप्त, मांग नहीं मानी तो चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी

भोपाल। मध्यप्रदेश में पटवारियों ने गुरुवार से तीन दिन के सामूहिक अवकाश पर जाने का ऐलान किया है। स्वामित्व योजना के काम को लेकर पटवारियों पर हो रही निलंबन,सेवा समाप्ति और अन्य दंडात्मक कार्रवाई के विरोध में मध्यप्रदेश पटवारी संघ ने यह कदम उठाया है। संघ के आह्वान पर पटवारियों ने सभी ऑनलाइन राजस्व कार्य भी बंद कर दिए हैं। इससे प्रदेश में राजस्व से जुड़े कई महत्वपूर्ण काम प्रभावित होने की आशंका है।

    पटवारी संघ का कहना है कि प्रदेश में अब तक दो दर्जन से अधिक पटवारियों की सेवा समाप्त की जा चुकी है। देवास में तीन पटवारियों की सेवा समाप्त करने का भी संघ ने विरोध किया है। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि दंडात्मक कार्रवाई वापस नहीं ली गई तो आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा।

  व्यावहारिक और कानूनी अड़चनों का हवाला

जिला अध्यक्ष देवेंद्र कदम और इटारसी तहसील अध्यक्ष देवीशरण पटेल ने कहा कि स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन 2026 को लेकर आ रही व्यावहारिक और कानूनी दिक्कतों से सरकार को पहले ही अवगत कराया जा चुका है। संघ का आरोप है कि समस्याओं का समाधान करने के बजाय पटवारियों पर कार्रवाई की जा रही है। राजस्व निरीक्षक और तहसीलदार संघ भी इस कार्य को लेकर आपत्ति दर्ज करा चुके हैं।

    किसानों के काम पर पड़ेगा सीधा असर

पटवारियों के सामूहिक अवकाश और ऑनलाइन काम बंद करने से गिरदावरी, नामांतरण, दस्तावेजों की नकल और खाद-बीज से जुड़े राजस्व कार्य प्रभावित हो सकते हैं। संघ ने कार्रवाई वापस लेने की मांग दोहराते हुए आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी है। ज्ञापन के दौरान देवेंद्र कदम, मुकेश गौर, प्रदीप यादव, चेतन वर्मा और राजेश गहरवार सहित संघ के पदाधिकारी मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं...