कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर बिलावली में 2 एकड़ शासकीय भूमि अतिक्रमण मुक्त, टीनशेड, बाउंड्रीवाल और प्लॉटिंग के निर्माण ध्वस्त
इंदौर। सरकारी जमीन पर अवैध कॉलोनी बसाने की तैयारी को प्रशासन ने समय रहते ध्वस्त कर दिया। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर मंगलवार को ग्राम बिलावली (पिपलिया राव) स्थित शासकीय सर्वे नंबर-82 की करीब 2 एकड़ भूमि पर बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटा दिया गया। प्रशासन के मुताबिक मुक्त कराई गई भूमि की बाजार कीमत 30 करोड़ रुपए से अधिक है। शिकायत थी कि जमीन के एक हिस्से में प्लॉटिंग कर उसे बेचने की तैयारी चल रही थी।
एसडीएम घनश्याम धनगर के नेतृत्व में राजस्व, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। कार्रवाई के दौरान टीनशेड, बाउंड्रीवाल, प्लॉटिंग के लिए किए गए निर्माण और अन्य अवैध कब्जों को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया गया। भूमि पर खड़ी फसल भी हटाई गई और पूरे क्षेत्र को प्रशासन ने अपने कब्जे में ले लिया।
प्रशासन के अनुसार शासकीय भूमि पर निर्भय सिंह और लालू नागर द्वारा कब्जा किए जाने की शिकायत प्राप्त हुई थी। जांच में अवैध कॉलोनी विकसित करने के प्रयास के संकेत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की गई, ताकि सरकारी जमीन पर किसी प्रकार का स्थायी कब्जा न हो सके।
कार्रवाई के दौरान अनुविभागीय अधिकारी (जूनी इंदौर)नायब तहसीलदार, राजस्व अमला, नगर निगम के अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। पूरे अभियान को शांतिपूर्ण संपन्न कराया गया
क्या बोले अधिकारी
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी जमीन पर कब्जा कर अवैध कॉलोनियां बसाने या बिना अनुमति प्लॉटिंग करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि शासकीय भूमि सुरक्षित रह सके।