← वापस
इंदौर

'100 बेड अस्पताल लापता है... गुमशुदगी दर्ज करें': कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, थाने पहुंचकर सौंपा ज्ञापन  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
'100 बेड अस्पताल लापता है... गुमशुदगी दर्ज करें': कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, थाने पहुंचकर सौंपा ज्ञापन
 


खाली जमीन पर बनाया डमी अस्पताल, ठेले पर मरीज और सलाइन चढ़ाकर किया प्रदर्शन; छह साल बाद भी निर्माण शुरू नहीं होने का आरोप


इंदौर। खजराना क्षेत्र में प्रस्तावित 100 बेड अस्पताल के निर्माण में हो रही देरी को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। इंदौर शहर कांग्रेस कमेटी और मध्य प्रदेश राजीव विकास केंद्र के पदाधिकारी खजराना थाने पहुंचे और प्रस्तावित अस्पताल को "लापता" बताते हुए उसकी गुमशुदगी दर्ज करने के लिए पुलिस को लिखित शिकायत व ज्ञापन सौंपा।

इससे पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अस्पताल के लिए चिन्हित खाली जमीन पर प्रतीकात्मक डमी अस्पताल तैयार किया। यहां ठेले पर मरीज को लिटाकर सलाइन चढ़ाई गई, जबकि डमी डॉक्टरों ने उपचार का नाटकीय प्रदर्शन किया। नेताओं का कहना था कि यह प्रदर्शन सरकार और प्रशासन का ध्यान खजराना क्षेत्र की बदहाल स्वास्थ्य सुविधाओं की ओर आकर्षित करने के उद्देश्य से किया गया।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि वर्ष 2020 में इस क्षेत्र के लिए 100 बेड अस्पताल के निर्माण के साथ 87 डॉक्टरों एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों के पद भी स्वीकृत किए गए थे। इसके बावजूद करीब छह वर्ष बीत जाने के बाद भी अस्पताल का निर्माण शुरू नहीं हुआ। उन्होंने सवाल उठाया कि जब अस्पताल अस्तित्व में ही नहीं है, तो स्वीकृत डॉक्टर और अन्य स्टाफ वर्तमान में कहां पदस्थ हैं और उनकी सेवाएं किस संस्थान में ली जा रही हैं।

प्रतिनिधिमंडल ने थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और अस्पताल निर्माण में हुई देरी के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की। कांग्रेस का कहना है कि अस्पताल नहीं बनने से खजराना और आसपास के लाखों नागरिक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित हैं। फिलहाल, इस मामले में प्रशासन या सरकार की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

खबरें और भी हैं...