इंदौर। तेज आवाज और ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ इंदौर पुलिस ने सख्त संदेश देते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कनाडिया पुलिस ने पिछले तीन माह में जब्त किए गए 101 अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर और 25 हेंड स्पीकर को थाना परिसर में रोड रोलर चलाकर नष्ट कर दिया। कार्रवाई का उद्देश्य शहर में ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण और आम नागरिकों को राहत देना रहा।
पुलिस आयुक्त संतोष सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मयंक सिंह,डीसीपी जोन-2 अमन सिंह राठौर,अतिरिक्त डीसीपी अमरेंद्र सिंह और एसीपी खजराना आशीष पटेल के मार्गदर्शन में यह विशेष अभियान चलाया गया। थाना प्रभारी डॉ.सहर्ष यादव के नेतृत्व में टीम ने सार्वजनिक स्थानों पर तेज और कर्कश आवाज करने वाले वाहनों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि मॉडिफाइड साइलेंसर का उपयोग मोटर व्हीकल एक्ट के तहत दंडनीय अपराध है। भविष्य में भी ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। इंदौर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें और ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले उपकरणों का उपयोग न करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।