मुंबई। साहित्य, सिनेमा, पत्रकारिता, संगीत और संस्कृति के बहाने मुंबई और बनारस के गहरे रिश्तों को सामने लाने के लिए मणिबेन नानावटी महिला महाविद्यालय में ‘मुंबई और बनारस’ महोत्सव का आयोजन किया गया। मणिबेन नानावटी महिला महाविद्यालय, नव भारत निर्माण समिति और बनारस लिट फेस्ट के संयुक्त आयोजन में देश के विभिन्न शहरों से आए साहित्यकारों, पत्रकारों, कलाकारों, संगीतकारों और संस्कृतिकर्मियों ने विभिन्न विषयों पर संवाद किया।
महोत्सव में ‘बनारस और मुंबई : संस्कृति, साहित्य और जीवन का अंतर-संबंध’, ‘सिनेमा : समाज, साहित्य और संस्कृति की चुनौतियां’, ‘पत्रकारिता, लोकतंत्र और बदलती मीडिया संस्कृति’, ‘युवा पीढ़ी : भाषाई चुनौतियां’ तथा ‘नगर स्वराज : मुंबई हमारी, जिम्मेदारी किसकी?’ जैसे विषयों पर चर्चा हुई। इन सत्रों में वरिष्ठ साहित्यकार डॉ सूर्यबाला, डॉ शीतला प्रसाद दुबे, प्रेम शुक्ल, हरीश पाठक, भुवेन्द्र त्यागी, जितेंद्र दीक्षित, डॉ रामबक्ष, डॉ नवेंदु वाजपेयी, नीता वाजपेयी और कमलेश पाठक सहित अनेक वक्ताओं ने विचार रखे।
उद्घाटन सत्र की मुख्य अतिथि पद्मश्री सोमा घोष ने गणपति सहस्रार्चन के पाठ से कार्यक्रम का शुभारंभ किया। बनारस लिटरेचर फेस्टिवल के आयोजक बृजेश सिंह ने महोत्सव के उद्देश्य और इसकी परिकल्पना पर प्रकाश डाला। संतोष सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि नानावटी महाविद्यालय की ट्रस्टी हिमाद्री नानावटी ने आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी।
उद्घाटन अवसर पर अमरजीत मिश्र, सौरभ कुमार तिवारी, योगेश दुबे और महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ राजश्री त्रिवेदी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। आयोजन में लोक गायन, मुशायरा, कवि सम्मेलन, ओपन माइक और विशेष संगीत प्रस्तुतियों ने साहित्यिक विमर्श के साथ सांस्कृतिक रंग भी जोड़ा।

कार्यक्रम में मुंबई, ठाणे, बनारस, दिल्ली, पुणे, बिलासपुर, शिमला सहित विभिन्न शहरों से आए प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का संचालन श्वेता पड्डा और वर्षा महेश ने किया। स्थानीय आयोजन की जिम्मेदारी संतोष सिंह, अमर त्रिपाठी और रवींद्र कात्यायन ने संभाली।