इंदौर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी की मौजूदगी में मंगलवार को रीगल तिराहा से कांग्रेस की 'युवा स्वाभिमान यात्रा- जेन-जी साइक्लोथॉन' का आगाज हुआ। राहुल गांधी के अभियान से जुड़ी इस यात्रा का उद्देश्य पेपर लीक, भर्ती घोटालों और शिक्षा व्यवस्था में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ जनजागरण करना है। यह यात्रा इंदौर से शुरू होकर भोपाल पहुंचेगी, जहां मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया जाएगा। रैली को संबोधित करते हुए जीतू पटवारी ने कहा कि छात्र वर्षों मेहनत कर परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, अभिभावक अपनी कमाई खर्च करते हैं, लेकिन भाजपा सरकार में लगातार पेपर लीक और भर्ती घोटालों से युवाओं का भविष्य दांव पर लगाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि देश में 90 से अधिक पेपर लीक और 50 परीक्षाएं रद्द हो चुकी हैं। कांग्रेस इस मुद्दे पर युवाओं की आवाज बुलंद करेगी। रैली में पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, विधायक सचिन यादव, सत्यनारायण पटेल, चिंटू चौकसे, विपिन वानखेड़े सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता, युवा और छात्र शामिल हुए। विभिन्न चौराहों से साइकिल रैलियां रीगल तिराहा पहुंचीं, जहां से एकजुट होकर यात्रा आगे बढ़ी। डीजे, बैंड, झंडे और पोस्टरों के बीच निकली रैली का कई स्थानों पर स्वागत किया गया। यात्रा आज आष्टा तक पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम होगा। इसके बाद बुधवार को भोपाल के लिए रवाना होकर मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया जाएगा। कांग्रेस ने इसे युवाओं के अधिकार और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की दिशा में बड़ा जनआंदोलन बताया।
'पेपर लीक बंद करो' के नारे के साथ कांग्रेस की साइक्लोथॉन शुरू, जीतू पटवारी बोले- युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ नहीं सहेंगे
राजवाड़ा दर्पण ब्यूरो