← वापस
इंदौर

4 हजार रुपए में बेच दिया बैंक खाता, पांच राज्यों में साइबर ठगी का खुलासा!  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
4 हजार रुपए में बेच दिया बैंक खाता, पांच राज्यों में साइबर ठगी का खुलासा!

 

ऑपरेशन मैट्रिक्स-2 में क्राइम ब्रांच की कार्रवाई, खाताधारक और असली संचालक पर मामला दर्ज

इंदौर। महज 4 हजार रुपए के लालच में बैंक खाता, उससे जुड़ा मोबाइल नंबर और बैंकिंग किट दूसरे व्यक्ति को सौंपना दो युवकों को भारी पड़ गया। क्राइम ब्रांच ने अंतरराज्यीय साइबर ठगी में इस्तेमाल हो रहे बैंक ऑफ महाराष्ट्र के संदिग्ध खाते की जांच के बाद खाताधारक आनंद चौरसिया और वास्तविक संचालक विशाल शेखावत के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इस खाते के जरिए पांच राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतें सामने आई हैं।

   पुलिस आयुक्त के निर्देशन और उपायुक्त (अपराध) के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे ऑपरेशन मैट्रिक्स-2 के तहत यह कार्रवाई की गई। राज्य साइबर पुलिस मुख्यालय से मिले पत्र और राष्ट्रीय साइबर अपराध शिकायत पोर्टल से प्राप्त जानकारी के आधार पर खाते की जांच शुरू हुई थी। जांच में आनंद चौरसिया निवासी नंदा नगर का नाम सामने आया।

     पूछताछ में पता चला कि आनंद ने विशाल के कहने पर बैंक खाता खुलवाया था। खाते से जुड़ा मोबाइल नंबर, बैंकिंग किट और संचालन की जिम्मेदारी उसने 4 हजार रुपए लेकर विशाल को सौंप दी थी। इसके बाद खाते का वास्तविक इस्तेमाल विशाल कर रहा था।

    जांच में इस खाते के खिलाफ तमिलनाडु, दिल्ली,गुजरात, महाराष्ट्र और तेलंगाना में साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज मिलीं। इनमें मदुरै, दक्षिण दिल्ली, सुरेंद्रनगर, मुंबई और हैदराबाद शामिल हैं।

 क्राइम ब्रांच ने दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब इस खाते से हुए लेन-देन और पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।

खबरें और भी हैं...