← वापस
इंदौर

4 लाख में बेचते थे बैंक खाते,डेढ़ करोड़ के संदिग्ध लेन-देन का खुलासा  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
4 लाख में बेचते थे बैंक खाते,डेढ़ करोड़ के संदिग्ध लेन-देन का खुलासा

 

ऑपरेशन मैट्रिक्स 2.0 में विजयनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई; म्यूल खाते, एटीएम, पासबुक और लिंक सिम की ‘रेडीमेड किट’ साइबर ठगों को देने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार

इंदौर। साइबर ठगी के लिए बैंक खातों की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह पर विजयनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इंदौर पुलिस के ‘ऑपरेशन मैट्रिक्स 2.0’ के तहत पुलिस ने म्यूल और फर्जी बैंक खातों का इस्तेमाल कराने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान अरबाज खान,नदीम खान और सलमान मुल्तानी,तीनों निवासी खजराना, के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गिरोह साइबर ठगों को बैंक खाते उपलब्ध कराने के साथ एटीएम कार्ड, पासबुक और लिंक सिम की पूरी किट भी मुहैया कराता था।

एक करंट खाते की कीमत 4 लाख रुपए

पुलिस के अनुसार जांच में सबसे महत्वपूर्ण खुलासा यह हुआ कि आरोपियों ने साइबर फ्रॉड में इस्तेमाल किए जाने के लिए एक करंट बैंक खाता 4 लाख रुपए में बेचा था। आरोपी अन्य लोगों के नाम से संचालित बैंक खातों को साइबर ठगों तक पहुंचाते थे। अवैध कमाई के लालच में आरोपियों ने अपने स्वयं के बैंक खाते भी फ्रॉड करने वालों को उपलब्ध कराए थे।

खातों में 1.50 करोड़ से ज्यादा का लेन-देन

विजयनगर पुलिस ने संदिग्ध बैंक खातों की तकनीकी जांच की तो इनमें 1 करोड़ 50 लाख रुपए से अधिक के संदिग्ध लेन-देन सामने आए। इससे पुलिस को आशंका है कि इन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम को इधर-उधर करने के लिए किया जा रहा था। पुलिस अब खातों से जुड़े लेन-देन,रकम भेजने वालों और प्राप्त करने वालों की जानकारी जुटा रही है।

   मुखबिर की सूचना पर दबिश

ऑपरेशन के तहत विजयनगर पुलिस संदिग्ध बैंक खातों, फर्जी सिम और अवैध वित्तीय लेन-देन पर नजर रख रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर खजराना क्षेत्र में दबिश देकर तीनों आरोपियों को पकड़ा गया। प्रारंभिक पूछताछ में खातों की खरीद-फरोख्त और साइबर ठगों को बैंकिंग सामग्री उपलब्ध कराने की जानकारी सामने आई।

    पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर साइबर और वित्तीय जांच शुरू कर दी है। अब गिरोह से जुड़े अन्य खरीदारों, साइबर ठगों और मददगारों की तलाश की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपियों ने अब तक कितने बैंक खाते उपलब्ध कराए और इनके जरिए कितनी रकम का लेन-देन हुआ।

अमरेंद्र सिंह, सहायक पुलिस उपायुक्त, इंदौर के अनुसार मामले की जांच जारी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं।

खबरें और भी हैं...