चतुर्थ श्रेणी से सहायक ग्रेड-3 बनने का रास्ता आसान; अन्य कर्मचारियों को योग्यता हासिल करने के लिए मिलेंगे 5 साल, सामान्य प्रशासन विभाग ने जारी किए नए निर्देश
भोपाल। मध्यप्रदेश में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के लिए राज्य शासन ने पदोन्नति को लेकर बड़ा फैसला लिया है। अब पदोन्नति की तारीख पर 45 वर्ष की आयु पूरी कर चुके कर्मचारियों को सहायक ग्रेड-3 के पद पर पदोन्नति के लिए कम्प्यूटर दक्षता प्रमाणीकरण परीक्षा (CPCT) का स्कोर कार्ड प्रस्तुत करने से छूट मिलेगी। वहीं, अन्य पात्र कर्मचारियों को पदोन्नति के बाद कम्प्यूटर संबंधी अनिवार्य योग्यताएं हासिल करने के लिए अधिकतम पांच साल का समय दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में समेकित दिशा-निर्देश जारी किए हैं। मध्यप्रदेश लोक सेवा पदोन्नति नियम, 2025 के तहत विभागों में पदोन्नति प्रक्रिया शुरू होने के बाद सामने आ रही भ्रांतियों को दूर करने के लिए ये संशोधित निर्देश जारी किए गए हैं। इनका उद्देश्य चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को सहायक ग्रेड-3 और समकक्ष पदों पर पदोन्नति के मामले में स्पष्ट व्यवस्था उपलब्ध कराना है।
दो साल में परीक्षा पास करना जरूरी, जरूरत पर तीन साल की अतिरिक्त मोहलत
निर्धारित शैक्षणिक योग्यता रखने वाले ऐसे चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी, जिन्हें पदोन्नति के लिए CPCT परीक्षा और कम्प्यूटर डिप्लोमा की अर्हता प्राप्त करना जरूरी है, उन्हें पदोन्नति के बाद दो वर्ष की परिवीक्षा अवधि में CPCT परीक्षा उत्तीर्ण करनी होगी। साथ ही मान्यता प्राप्त संस्थान से एक वर्षीय कम्प्यूटर डिप्लोमा या निर्धारित समकक्ष योग्यता हासिल करनी होगी।
यदि कर्मचारी दो साल में निर्धारित योग्यताएं पूरी नहीं कर पाते हैं, तो उनकी परिवीक्षा अवधि अधिकतम तीन वर्ष और बढ़ाई जा सकेगी। इस तरह पदोन्नति के बाद कुल पांच वर्ष में आवश्यक योग्यता हासिल करना अनिवार्य होगा। तय समय में अर्हताएं पूरी नहीं करने पर संबंधित कर्मचारी को उसके मूल चतुर्थ श्रेणी पद पर वापस पदस्थ किया जाएगा।
45 वर्ष की उम्र वालों को स्कोर कार्ड से छूट, कम्प्यूटर दक्षता जरूरी
शासन के निर्देशों के अनुसार, पदोन्नति की तारीख पर 45 वर्ष की आयु पूरी कर चुके कर्मचारियों को CPCT स्कोर कार्ड की अनिवार्यता से छूट मिलेगी। हालांकि, कम्प्यूटर दक्षता की अनिवार्यता बनी रहेगी। यानी उम्र के आधार पर स्कोर कार्ड से राहत मिलेगी, लेकिन कम्प्यूटर संबंधी निर्धारित दक्षता की शर्त समाप्त नहीं होगी।
सीधी भर्ती में नियमों से छूट नहीं
शासन ने स्पष्ट किया है कि ये प्रावधान केवल विभागीय पदोन्नति के मामलों में लागू होंगे। सीधी भर्ती अथवा अन्य माध्यमों से होने वाली नियुक्तियों में CPCT और कम्प्यूटर डिप्लोमा की निर्धारित योग्यताएं पहले की तरह अनिवार्य रहेंगी।