इंदौर। शहर के एक हॉस्टल संचालक के पांच पेज का सुसाइड नोट लिखने के बाद रहस्यमय ढंग से लापता होने से सनसनी फैल गई है। परिजनों और समाजजनों ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर उसकी जल्द तलाश और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है। मामले की जांच अब जूनी इंदौर पुलिस को सौंपी गई है।
विष्णुपुरी निवासी भगवान काग बीते सोमवार से लापता हैं। उनके परिजनों ने भंवरकुआं थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई है। भगवान द्वारा छोड़े गए पांच पेज के सुसाइड नोट में विष्णुपुरी निवासी ओमप्रकाश सलूजा तथा उनके बेटों सौरभ और गौरव पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। नोट में दावा किया गया है कि तीनों ने सूद के जाल में फंसाकर उन्हें वर्षों तक प्रताड़ित किया और 3 करोड़ रुपए से अधिक ब्याज वसूलने के बावजूद लगातार दबाव बनाया। नोट में गुंडों से धमकाने, पुलिस और नेताओं का भय दिखाने तथा जबरन फंड चलवाकर रकम वसूलने जैसे आरोप भी लगाए गए हैं।
सिर्वी समाज के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधिकारियों से निष्पक्ष जांच की मांग की है। परिजनों का कहना है कि यदि समय रहते भगवान का पता नहीं चला तो किसी बड़ी अनहोनी से इनकार नहीं किया जा सकता। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।