← वापस
नई दिल्ली

5 साल में पीएम मोदी के विदेश दौरों पर 557 करोड़ खर्च: सरकार ने संसद में दिया हिसाब, 2025 रहा सबसे महंगा साल  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
5 साल में पीएम मोदी के विदेश दौरों पर 557 करोड़ खर्च: सरकार ने संसद में दिया हिसाब, 2025 रहा सबसे महंगा साल

 

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेश दौरों पर हुए खर्च को लेकर केंद्र सरकार ने राज्यसभा में विस्तृत जानकारी साझा की है। विदेश राज्य मंत्री शाबिस्ता पबित्र मार्घेरिटा ने सांसद संजय सिंह और वी. सदासन के सवालों के लिखित जवाब में बताया कि वर्ष 2021 से जुलाई 2026 तक प्रधानमंत्री की विदेश यात्राओं पर लगभग 557 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। हालांकि सरकार ने स्पष्ट किया कि कुछ यात्राओं के अंतिम बिल अभी लंबित हैं, इसलिए कुल खर्च में आगे बदलाव संभव है।

    सरकार के अनुसार प्रधानमंत्री की विदेश यात्राओं का उद्देश्य केवल कूटनीतिक मुलाकातें नहीं, बल्कि भारत के व्यापार, निवेश, रक्षा, तकनीक, ऊर्जा और रणनीतिक हितों को मजबूत करना रहा है। इन दौरों के दौरान कई अहम द्विपक्षीय समझौते हुए, जिनसे वैश्विक साझेदारी और विदेशी निवेश को बढ़ावा मिला।

    संसद में पेश आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2021 में अमेरिका यात्रा पर 19.63 करोड़ रुपये, 2022 में जर्मनी दौरे पर 14.47 करोड़ रुपये, 2023 में अमेरिका यात्रा पर 22.89 करोड़ रुपये खर्च हुए। वहीं 2024 में रूस की दो यात्राओं पर 16 करोड़ रुपये से अधिक और सितंबर में अमेरिका यात्रा पर 15.33 करोड़ रुपये खर्च किए गए।

     सरकारी आंकड़ों के अनुसार 2025 प्रधानमंत्री मोदी के विदेश दौरों का सबसे महंगा वर्ष रहा। इस दौरान उन्होंने फ्रांस, अमेरिका, मॉरीशस, थाईलैंड, श्रीलंका, सऊदी अरब, कनाडा, ब्राजील, ब्रिटेन, मालदीव, चीन, जापान और दक्षिण अफ्रीका सहित कई देशों का दौरा किया। इन यात्राओं पर कुल 187.83 करोड़ रुपये खर्च हुए।

      सरकार ने यह भी बताया कि 2026 में जुलाई तक विदेश दौरों पर 74.59 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं। सरकार का कहना है कि इन यात्राओं से भारत के वैश्विक संबंधों को मजबूती मिली है और आर्थिक व रणनीतिक सहयोग के नए अवसर बने हैं।

खबरें और भी हैं...