किला मैदान और दशहरा मैदान में उमड़ा हजारों लोगों का सैलाब, रंग-बिरंगी आतिशबाजी से जगमगाया आसमान; रावण दहन के बाद सड़कों पर लगा जाम
धार। असत्य पर सत्य की जीत और अहंकार के अंत का प्रतीक विजयादशमी पर्व मंगलवार को धार में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। शहर के किला मैदान और दशहरा मैदान में 51-51 फीट ऊंचे रावण के पुतलों का दहन किया गया। रावण दहन देखने के लिए दोनों स्थानों पर हजारों लोग उमड़े। श्रीराम का अग्निबाण लगते ही रावण का पुतला धू-धू कर जल उठा और पूरा मैदान ‘जय श्रीराम’ व ‘जय-जय सियाराम’ के जयघोष से गूंज उठा।
नौगांव स्थित किला मैदान में सार्वजनिक दशहरा उत्सव समिति ने भव्य आयोजन किया। शाम 7 बजे से शुरू हुई आतिशबाजी ने आसमान में सतरंगी छटा बिखेर दी। इस दौरान 360 डिग्री घूमने वाले रावण के पुतले के साथ लोगों ने सेल्फी ली और परिवार के साथ तस्वीरें खिंचवाईं। शाम करीब 7:30 बजे श्रीराम, लक्ष्मण और हनुमानजी खुली जीप में सवार होकर पारंपरिक चल समारोह के साथ मैदान पहुंचे। बैंड-बाजों और वानर सेना के साथ निकली शोभायात्रा के बाद मंच पर पूजन किया गया। इसके बाद हनुमानजी ने गदा से रावण के पुतले पर प्रहार किया और श्रीराम के अग्निबाण से उसका दहन हुआ।
कार्यक्रम संयोजक भगतसिंह चौहान और मनोज चौहान ने बताया कि आयोजन में करीब एक घंटे तक आतिशबाजी हुई। समिति सदस्य पर्वत सिंह चौहान, कुलदीप बुंदेला, मुख्य अतिथि जयप्रकाश आर्य और योगेंद्र बुंदेला मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन श्रीकांत द्विवेदी ने किया।
मैदान से सड़क तक भीड़, वाहनों की लंबी कतारें
रावण दहन को लेकर लोगों में इतना उत्साह था कि किला मैदान खचाखच भर गया। मैदान के बाहर भी हजारों लोग खड़े होकर नजारा देखते रहे। घोड़ा चौपाटी से किला मैदान तक वाहनों की कतारें लग गईं। पार्किंग की व्यवस्था आदर्श सड़क और लालबाग क्षेत्र में की गई थी। कार्यक्रम खत्म होने के बाद किला मैदान से घोड़ा चौपाटी तक पहुंचने में करीब 15 मिनट लगे, जबकि त्रिमूर्ति चौराहे, अस्पताल रोड और मोहन टॉकीज रोड पर भी लगभग 20 मिनट तक यातायात प्रभावित रहा। यातायात टीआई प्रेमसिंह ठाकुर सहित पुलिसकर्मियों ने व्यवस्था संभाली।
दूसरी ओर, दशहरा मैदान में नगरपालिका की ओर से बनाए गए 51 फीट ऊंचे रावण का दहन किया गया। यहां हिंदू उत्सव समिति की ओर से राम, लक्ष्मण और हनुमानजी की झांकी का जुलूस नहीं निकाला गया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शाम 7:30 बजे रावण दहन हुआ।
आज विजय मंदिर में मनेगा विजय उत्सव
विजयादशमी के अगले दिन शहर के विजय मंदिर में संपूर्ण हिंदू समाज की ओर से विजय उत्सव मनाया जाएगा। मान्यता के अनुसार, महाराजा भोज ने तेलंगाना विजय के बाद अपनी कीर्ति के प्रतीक के रूप में धार में विजय मंदिर स्थापित कराया था। यहां विजय के प्रतीक के रूप में स्थापित विजय स्तंभ आज भी मौजूद है। परंपरा के अनुसार, दशहरे के अगले दिन हिंदू समाज मंदिर पहुंचकर विजय उत्सव मनाता है।